तेल पाइप लाइन के उचित मुआवजे की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए किसान।
बाढड़ा। खेतों से तेल पाइप लाइन बिछाने की एवज में उचित मुआवजा नहीं मिलने पर रविवार को गांव पंचगांव में किसानों ने नारेबाजी की और तेल पाइप लाइन बिछाने का काम रुकवा दिया। इससे पहले किसान रविवार को राजेश गोपी के नेतृत्व में एकत्रित हुए और नारेबाजी कर रोष जताया। फिर किसानों ने वहां काम रुकवा दिया।
राजेश गोपी ने कहा कि न्यू मुद्रा (गुजरात) से पानीपत इंडियन ऑयल कच्चा तेल पाइप लाइन कस्बे के विभिन्न गांवों से होकर गुजर रही है। राजेश गोपी ने कहा कि पाइप लाइन की वजह से रबी की फसलें खराब हो रही हैं इसलिए किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए ताकि फसल बिजाई के समय हुए खर्चे की भरपाई हो सके। उन्होंने कहा कि पाइप लाइन डालने से भूमि की उर्वरा शक्ति समाप्त हो जाएगी।
यह पाइप लाइन गांव आर्यनगर,मथुरा, कारी धारणी, मोध, पंचगाव, गोपी, काकड़ौली हुक्मी, हट्ठी, सरदारा व उमरवास से गुजरेगी। सभी प्रभावित गांवों के किसान की बैठक करके अगला फैसला लेंगे। राजेश गोपी ने कहा कि किसानों की सहमति के बिना चेक बांटें जा रहे हैं। फसलों का पूरा मुआवजा नहीं मिल रहा है। इस मौके पर सत्यवान, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश, कुलदीप, सुनील, मुकेश, सोमबीर, दीपक, मनोज, अनिल आदि मौजूद रहे।