संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। वर्ष 2023 खरीफ सीजन के मुआवजे में बीमा कंपनी की मनमानी के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर क्षेत्र के किसान संगठनों और राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने सोमवार को धरना दिया। प्रदर्शनकारी खेमे ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आंदोलनकारियों ने एसडीएम कार्यालय के माध्यम से सीएम नायब सिंह सैनी के नाम ज्ञापन भी दिया।
जुई रोड स्थित एसडीएम कार्यालय के सामने किसान सभा अध्यक्ष मास्टर रघबीर श्योराण की अध्यक्षता में आयोजित रोष प्रदर्शन को भाकियू अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खरीफ 2023 सीजन की कपास की फसल में पहले सूखे की मार व फिर बेमौसमी बारिश से नुकसान हुआ था।
किसानों की हजारों एकड़ फसल खराबे की भेंट चढ़ गई थी। पीएम फसल बीमा के लिए अनुबंधित कंपनी ने सारी रिपोर्ट में गोलमाल कर जिले का 150 करोड़ का मुआवजा न देकर किसानों के मुंंह से निवाला छीनने का काम किया है। इससे अकेले दादरी जिले को 50 व भिवानी जिले को 250 करोड़ का नुकसान हुआ है।
हरपाल ने कहा कि वह क्षेत्र के विधायक, सांसद व उपायुक्त से मांग करते हैं कि सरकार को सारी जानकारी देकर किसानों को न्याय दिलवाया जाए। जनप्रतिनिधियों को सरकार पर दबाव बनाकर किसानों के हितों की रक्षा करनी चाहिए। वरना, आंदोलन को तेज किया जाएगा।
इस मौके पर इनेलो जिलाध्यक्ष विजय पंचगावां , किसान सभा अध्यक्ष मास्टर रघबीर श्योराण, भाकियू महासचिव ओमप्रकाश उमरवास, राजेंद्र सिंह डोहकी, गिरधारी मोद, ब्रह्मपाल बाढड़ा, नंबरदार एसोसिएशन जिलाध्यक्ष राजबीर हंसावास आदि माैजूद रहे।