बाढड़ा के सर छोटूराम किसान भवन में बैठक कर आगामी रणनीति तैयार करते भाकियू पदाधिकारी। संवाद
भारतीय किसान यूनियन की अगुवाई में रविवार को बाढड़ा किसान भवन में बैठक कर लिया निर्णय, सरकार और अधिकारियों पर लगाया किसानों की अनदेखी करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। वर्ष 2023 के मुआवजा वितरण में गोलमाल करने के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा 17 मार्च को उपमंडल मुख्यालय पर प्रदर्शन करेगा। इसके जरिये लंबित बिजली ट्यूबवेल कनेक्शन तत्काल जारी करने की मांग भी उठाई जाएगी। रविवार को किसान भवन में आयोजित बैठक में प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में किसानों ने आरोप लगाया कि बाढड़ा उपमंडल क्षेत्र में करोड़ों रुपये का बकाया मुआवजा अब तक किसानों को नहीं मिला है। इसके अलावा, किसानों के 6 करोड़ की राशि जमा करवाने के बाद भी बिजली निगम की ओर से ट्यूबवेल कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं। तमाम समस्याओं से किसान त्रस्त हैं। अधिकारियों की अनदेखी से उनमें रोष है। इन तमाम परेशानियों के चलते बाढड़ा उपमंडल में सोमवार को प्रदर्शन कर किसानों की जायज मांगें उठाई जाएंगी।
हरपाल भांडवा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार पीएम फसल बीमा के नाम पर किसानों से प्रतिवर्ष ज्यादा से ज्यादा प्रीमियम राशि वसूल कर रही हैं, लेकिन, नुकसान होने पर मुआवजा देने में पीछे हट जाती हैं। वर्ष 2023 में खरीफ सीजन की फसलों के मुआवजे के नाम पर भारी गोलमाल किया जा रहा है। इससे किसानों को दो जिलों में 200 करोड़ का नुकसान झेलना पड़ रहा है।
- ये रहे मौजूद
बैठक में महासचिव ओमप्रकाश उमरवास, सतबीर सिंह, इंद्रजीत सिंह, पूर्व सरपंच गिरधारी, वेदप्रकाश काकड़ौली, भूपसिंह दलाल, रामअवतार लाड, ऋषिराम भांडवा, सत्यप्रकाश, नवीन व ब्रह्मपाल आदि मौजूद रहे।