फोटो 26 : दादरी के महेंद्रगढ़ रोड पर दूर तक कतार में खड़े बाजरे से भरे ट्रैक्टर ट्राॅली। संवाद
बुधवार को महेंद्रगढ़ रोड तक लगी ट्रैक्टर-ट्रालियों की कतार
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी नई अनाज मंडी में दिन-प्रतिदिन बाजरा बेचने वाले किसानों की भीड़ बढ़ती जा रही है। मंडी में बाजरा बेचने के लिए दूर-दराज के किसान सुबह आठ बजे से पहुंचने शुरू हो गए थे। देखते ही देखते बाजरे से भरे ट्रैक्टर ट्राॅलियों की लंबी कतार लग गई। हालात ऐसे बने कि ट्रैक्टर ट्राॅलियों की कतार टोकन काउंटर से लेकर महेंद्रगढ़ रोड स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंच गई।
बुधवार को मंडी में 256 किसानों के गेट पास जारी करने के बाद 8,902 क्विंटल बाजरे की आवक दर्ज की गई।जिले की अनाज मंडी में पिछले चार दिनों से लगातार बाजरे की आवक बढ़ रही है। साथ लगते जिलों में बाजरा का भाव कम होने के कारण मंडी के बाहर ट्रैक्टर ट्राॅलियों की लंबी कतार लगी हुई है। बताया जा रहा है कि महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर व भिवानी जिले के किसान भी बाजरा बेचने के लिए दादरी मंडी पहुंच रहे हैं।
मार्केट कमेटी के अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश का किसान कहीं भी अपनी बाजरा की फसल को बेच सकता है। यही कारण है कि जिले की अनाज मंडी में बाजरे की कुल आवक 5,89,190 क्विंटल तक पहुंच गई है। इसके साथ ही मंडी आढ़तियों ने 5,79,850 क्विंटल बाजरे की खरीद पूरी ली है। मंडी में लगातार बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की सहायता लेनी पड़ी।
मार्केट कमेटी के अधिकारियों का कहना है कि मंडी में दूर-दराज से पहुंचने वाले किसानों के लिए पीने के पानी के अलावा विश्राम के लिए भी जगह बनाई गई है। इसके अलावा, भोजन के लिए विशेष कैंटीन भी है, जहां महज 10 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है।
खरीद केंद्रों पर इतने बाजरे की हुई खरीद
खरीद केंद्र खरीदा गया बाजरा
चरखी दादरी 3,59,187
बाढड़ा 1,05,457
झोझूकलां 1,15,206
नोट : यह आंकड़ा क्विंटल में है।
वर्सन:
अनाज मंडी में बाजरा बेचने के लिए आने वाले सभी किसानों को गेट पास जारी किए जा रहे हैं। मंडी में आने वाले किसानाें के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
- विजय कुमार, सचिव मार्केट कमेटी।