चरखी दादरी। मुआवजा राशि में कटौती करने के विरोध में किसान नेताओं ने विधायक नैना चौटाला का पुतला फुंका। किसानों का कहना था कि मुआवजा राशि में गठबंधन सरकार ने 80 प्रतिशत तक कटौती की है। इससे किसानों में रोष बना हुआ है। दूसरी ओर किसानों को मुआवजा देने की मांग को लेकर शनिवार को भी धरना जारी रहा।
हरियाणा किसान संगठनों के संयोजक जगबीर घसौला ने बताया कि किसान धरने पर बैठे हैं लेकिन सरकार की ओर से सुनवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधि किसानों की समस्या को जान बूझकर नजर अंदाज कर रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की बेरुखी से नाराज किसानों ने जिला अध्यक्ष राजेश बलकरा के नेतृत्व में परशुराम चौक पर बाढड़ा से विधायक नैना चौटाला का पुतला फूंका।
किसान नेता राजेश बलकरा ने कहा कि सरकार को किसानों के नुकसान की भरपाई करनी चाहिए। यूनियन के प्रदेश महासचिव रणबीर फौजी ने कहा कि ऑनलाइन पोर्टल प्रक्रिया किसानों के लिए गले की फांस बन रही है। इस मौके पर जिला संरक्षक यादवेंद्र डूडी, जिला महासचिव धर्मचंद तिवाला, मीडिया प्रभारी रविंद्र कुमार, भल्ले राम, रामअवतार मकड़ानी, मोहित कुमार, पतराम चरखी, कटार सिंह पांडवान, दीपक शर्मा, प्रताप, रविंद्र, जगबीर बलकरा, ओमपाल बलाली, किशन कुमार, हेमराज आदि मौजूद रहे।