बाजरा की फसल को नष्ट करने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम।
बाढड़ा। जुई-दादरी रोड पर खेतों में खड़ी आठ एकड़ बाजरे की फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया गया। पीड़ित किसान ने पुलिस को शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। कस्बा निवासी संदीप कुमार ने बताया कि जुई-दादरी रोड पर उसका खेत है। रविवार दोपहर कुछ लोग ट्रैक्टर व हथियारों के साथ उसके खेत में पहुंचे और ट्रैक्टर चलाकर फसल को नष्ट करना शुरू कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा। जब उसने रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसने जान से मारने की धमकी दी और इस जमीन पर खुद का मालिकाना हक जताया। पीड़ित किसान ने 112 पर पुलिस को फोन किया। पुलिस की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंची आरोपी दोबारा आने की बात कहकर मौके से चले गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।