मंगलवार रात को नेशनल हाईवे 334बी पर किसानों, आढ़तियों द्वारा लगाया गया जाम।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 334बी पर स्थित एक धर्मकांटे पर मंगलवार रात को किसानों ने वजन में अंतर के आरोप लगाए। किसानों द्वारा जाम की सूचना देने पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मोहनलाल मकड़ानियां सहित काफी संख्या में आढ़ती व डायल 112 पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। इस दौरान आढ़ती एसोसिएशन प्रधान ने एक पुलिसकर्मी पर गलत भाषा प्रयोग करने का आरोप भी लगाया जिसके बाद भड़के आढ़तियों व किसानों ने नेशनल हाईवे 334बी पर जाम लगा दिया। इसके बाद एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, सिटी थाना प्रभारी सुनील कुमार व यातायात थाना प्रभारी रमेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। मापतोल विभाग की टीम ने धर्मकांटे को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव ढाणी फोगाट निवासी किसान अमित ने बताया कि धर्मकांटे पर वजन के दौरान उसके ट्रैक्टर में आठ क्विंटल का फर्क आया। एसोसिएशन प्रधान मोहनलाल मकड़ानियां ने कहा कि इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने आढ़तियों के बारे में गलत भाषा का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। उनके द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर जाम खोल दिया गया।
दूसरी तरफ आढ़तियों, किसानों ने वजन में गड़बड़ी की बात कहते हुए किसानों को हुए नुकसान की भरपाई करवाने और कार्रवाई की मांग की। किसान नेता जगबीर घसौला भी मौके पर पहुंचे। बाद में मापतोल विभाग से विकास के अलावा एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह, मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान मापतोल विभाग की टीम ने कांटे से मशीन को कब्जे में लेते हुए सील कर दिया।
आढ़ती एसोसिएशन प्रधान मोहनलाल मकड़ानियां ने बताया कि धर्मकांटे पर वजन में आठ क्विंटल का अंतर मिला। किसानों के कहने पर वे यहां आए। धर्मकांटा मालिक से बात की तो वे अस्पताल में भर्ती बताए गए। इस दौरान एक पुलिसकर्मी ने आढ़तियों के बारे में गलत भाषा का प्रयोग किया। ऐसे में पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात कर उक्त पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। ठोस कार्रवाई न होने पर एसोसिएशन की बैठक बुलाकर अगला निर्णय लिया जाएगा।