चरखी दादरी के सांजरवास गांव में खेत में सो रहे किसान की जमीन विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। वहीं खेत में भाई के लिए खाना लेकर आ रहे छोटे भाई पर भी हमलावरों ने हमला कर दिया, लेकिन वह किसी तरह से जान बचाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। इस मामले में बौंदकला पुलिस ने सगी बुआ समेत 15 लोगों पर हत्या के केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार सांजरवास निवासी बाबूलाल (44) खेत में सो रहा था। उसी दौरान करीब 15 लोग उनके खेत में डंडे और धारदार हथियार लेकर पहुंच गए। उन्होंने आते ही बाबूलाल पर हमला कर दिया। उस दौरान छोटा भाई विष्णु घर से अपने बड़े भाई के लिए खेत में खाना लेकर आ रहा था। हमलावरों ने उसे भी देख लिया और उस पर हमला किया। विष्णु किसी तरह से वहां से जान बचाकर भागने में कामयाब रहा।
बाबूलाल को गंभीर रूप से घायल करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल बाबूलाल को उपचार के लिए देर रात ही सिविल अस्पताल लाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर बौंदकलां थाना पुलिस ने देर रात ही पीजीआई पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया। शुक्रवार सुबह पुलिस ने कागजी कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
मृतक का बुआ के साथ चल रहा था जमीन विवाद
पुलिस को दिए बयान में जगदीश ने बताया कि उसका बहन के साथ जमीन विवाद चल रहा है। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। जगदीश ने बताया कि जमीनी विवाद को लेकर ही उसके बेटे की हत्या की गई है।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। शुक्रवार देर शाम सांजरवास में मृतक का दाह-संस्कार भी हो गया है। इस संबंध में हमलावरों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। -ओमप्रकाश, एसएचओ, बौंदकलां थान