चरखी दादरी। नागरिक अस्पताल में बंद पड़े महिलाओं के नसबंदी के ऑपरेशन दोबारा से शुरू हो गए हैं। मंगलवार को सर्जन डॉ. पंकज और गाइनी डॉ. सविरा ने पहले ही दिन 25 महिलाओं के नसबंदी के ऑपरेशन किए। वहीं, जिला स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अब ऑपरेशन सुविधा जारी रहेगी और महिलाएं इस सेवा का लाभ उठा सकती हैं।
बता दें कि दादरी नागरिक अस्पताल में महिलाओं की नसबंदी के ऑपरेशन पहले होते थे। पूर्व कार्यवाहक सीएमओ डॉ. राजविंद्र मलिक नसबंदी के ऑपरेशन करते थे। करीब एक माह पहले उनका तबादला हो गया था और उसके बाद से अस्पताल में नसबंदी के ऑपरेशन की सुविधा बंद थी। इसके चलते ऑपरेशन कराने के लिए आने वालीं महिलाओं को वापस लौटना पड़ रहा था।
डॉ. राजविंद्र मलिक के तबादला होने के बाद डॉ. राहुल राठी को कार्यवाहक सीएमओ बनाया गया है। उन्होंने पदभार संभालते ही स्टाफ के साथ मंत्रणा कर सबसे पहले महिलाओं की नसबंदी के ऑपरेशन शुरू कराए। नागरिक अस्पताल में पहले ही दिन 25 महिलाओं के ऑपरेशन किए गए। कार्यवाहक सीएमओ ने ऑपरेशन के लिए सर्जन डॉ. पंकज व डॉ. सविरा की ड्यूटी लगाई है। भविष्य में भी ये दोनों महिलाओं की नसबंदी के ऑपरेशन नियमित करेंगे।
दरअसल, महिलाओं की नसबंदी गर्भधारण को रोकने के लिए की जाती है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से समय-समय पर जागरूक किया जाता है। काफी महिलाएं इसके लिए सहमति जताती हैं और नसबंदी करवा लेती हैं। हालांकि गर्भवती महिलाओं का ऑपरेशन उसी समय कर दिया जाता है लेकिन अधिकतर महिलाएं ऐसी होती है तो बाद में ऑपरेशन के लिए कहती हैं तो उन्हें समय दिया जाता था। अब उन्हें भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एक माह में होते हैं 100 से ज्यादा ऑपरेशन
नागरिक अस्पताल में महिलाओं की नसबंदी के प्रतिदिन करीब पांच ऑपरेशन होते हैं। एक माह में अगर 20 कार्य दिवस होते हैं तो ऑपरेशन केस करीब 100 हो जाते हैं। पिछले करीब एक माह से सुविधा बंद होने से महिलाओं को वापस लौटना पड़ रहा था। अब महिलाओं को ऑपरेशन सुविधा बहाल होने से राहत मिली है।
निजी अस्पताल में 10 हजार तक आता है खर्च
महिलाओं की नसबंदी का ऑपरेशन अगर प्राइवेट अस्पताल में कराया जाता है तो इस पर करीब दस हजार रुपये खर्च आता है। नागरिक अस्पताल में सुविधा बंद होने और प्राइवेट अस्पताल में खर्च ज्यादा होने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की महिलाएं ऑपरेशन नहीं करवा पा रही थी। अब यह समस्या नहीं रहेगी।
ऑपरेशन निशुल्क, प्रोत्साहन राशि भी देती है सरकार
नागरिक अस्पताल की बात करें तो महिलाओं के नसबंदी की ऑपरेशन सुविधा निशुल्क है। इतना ही नहीं सरकार की ओर से महिलाओं को प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। डिलिवरी के एक सप्ताह के अंदर ऑपरेशन कराने पर 2100 रुपये और एक सप्ताह बाद ऑपरेशन कराने पर 1400 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
नागरिक अस्पताल में महिलाओं के नसबंदी ऑपरेशन की सुविधा मंगलवार से बहाल हो गई है। पहले ही दिन सर्जन डॉ. पंकज और डॉ. सविरा ने 25 महिलाओं के सफल ऑपरेशन किए। डॉ. आशीष मान, डिप्टी सीएमओ, जिला स्वास्थ्य विभाग