चरखी दादरी। खुद को आरटीए स्टाफ बताकर वाहन चालकों से रुपये ऐंठने के एक आरोपी पर बाढड़ा थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। शिकायतकर्ता ने आरोपी पर उसके चालक से दो बार में 20,000 रुपये ऐंठने के बावजूद तीसरी बार भी उगाही के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झज्जर जिले के कबलाना निवासी कैंटर मालिक प्रवीण पुत्र राजेंद्र ने हंसावास कलां निवासी आरोपी प्रवीन के खिलाफ बाढड़ा थाना पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उन्होंने दो कैंटर लिए हैं। इनसे वह लोहारू और पिलानी क्षेत्र से सरसों का तूड़ा भरकर झज्जर के ईंट भट्ठों पर आपूर्ति करते हैं।
उन्होंने बताया कि चार अप्रैल की रात बेगूसराय निवासी चालक लक्ष्मण उनके कैंटर में तूड़ा भरकर आ रहा था। जब वह दादरी-लोहारू रोड स्थित गांव भांडवा में नहर के पास पहुंचा तो एक चालक ने अपनी बोलेरो उसकी कैंटर के आगे लगाकर उसे रोक दिया। आरोपी की गाड़ी पर आरटीए लिखा था।
आरोपी ने आरटीए के चालान का भय दिखाकर 10,000 रुपये वसूले। बाद में सात अप्रैल को आरोपी ने दोबारा कैंटर रुकवा कर चालक लक्ष्मण से 15,000 रुपये मांगे लेकिन बाद में उसने 10,000 रुपये लेकर कैंटर छोड़ दिया। शिकायतकर्ता ने अन्य साथियों और बाढड़ा क्षेत्र के लोगों से बात की तो आरोपी का पता चला।
तीसरी बार टोल के पास रुकवाया कैंटर, पुलिस को देखकर भागा
शिकायतकर्ता प्रवीण ने बताया कि 11 अप्रैल की रात करीब 12 बजे हंसावास निवासी प्रवीन ने लोहारू रोड पर टोल प्लाजा के पास तीसरी बार उसका कैंटर रुकवा लिया, तभी वहां से पुलिस की गाड़ी गुजरी तो आरोपी अपने वाहन में बैठकर फरार हो गया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी प्रवीन हर बार अलग गाड़ी का प्रयोग कर वाहन चालकों से अवैध वसूली करता है। बाढड़ा थाने के एसएचओ ओमप्रकाश पुलिस ने मामले पर संज्ञान लेकर आरोपी हंसावास निवासी प्रवीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही अगली कार्रवाई की जाएगी।