बस स्टैंड रोड पर दुकानों के सामने बने फुटपाथ के बीच पड़ी बिजली केबल।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के भगवान परशुराम चौक के समीप सरदार झाड़ू सिंह चौक की तरफ जाने वाले मार्ग पर फुटपाथ और बस स्टैंड की ओर जाने वाली सड़क के बीच निकली अंडरग्राउंड बिजली केबल राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब छह महीने पहले पेयजल लाइन बिछाने के दौरान जमीन के अंदर से निकाली गई बिजली केबल को अब तक व्यवस्थित नहीं किया गया है। सड़क पर पड़ी केबल कई जगह से उभरी हुई है, जिससे पैदल राहगीरों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब है कि यह दोनों मार्ग शहर के व्यस्त रास्तों में शामिल है और यहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग बस स्टैंड तथा आसपास के बाजारों की तरफ आते-जाते हैं। फुटपाथ पर केबल पड़ी होने के कारण राहगीरों को सड़क की तरफ से निकलना पड़ता है। ऐसे में पहले से व्यस्त मार्ग पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। दुकानदारों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों और बच्चों को होती है। कई बार राहगीर केबल से ठोकर लगने के कारण अपना संतुलन खो देते हैं।
कई बार अधिकारियों को कराया अवगत
स्थानीय दुकानदार अजय कुमार लक्ष्मण कुमार, संजय आदि ने बताया कि समस्या को लेकर बिजली निगम के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। उन्हें मौके की स्थिति के बारे में जानकारी देकर केबल को व्यवस्थित करवाने की मांग की गई, लेकिन लंबा समय बीतने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। दुकानदारों का कहना है कि जब केबल को जमीन के अंदर से निकालकर सड़क पर छोड़ा गया है तो संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से इसे सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित करना चाहिए।
हादसे से पहले समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने बिजली निगम और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क पर निकली केबल को जल्द सुरक्षित कराया जाए। उनका कहना है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। खासकर व्यस्त मार्ग और फुटपाथ पर राहगीरों की आवाजाही को देखते हुए केबल को जमीन के अंदर सुरक्षित तरीके से दबाने या उचित स्थान पर शिफ्ट करने की व्यवस्था जरूरी है।
वर्सन:
अभी तक यह मामला मेरे सामने नहीं आया है संबंधित क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता को मौका देख रिपोर्ट बनाने के लिए कहा जाएगा। वहीं जल्दी केबल को जमीन के अंदर बिछवाने का कार्य करवा दिया जाएगा।-आशीष सोढ़ी, कार्यवाहक एसडीओ, बिजली निगम।