सिविल अस्पताल स्थित पुलिस चोकी में मृतक बाइक सवार के परिजनों के बयान दर्ज करता पुलिस कर्मचारी।
चरखी दादरी/ बाढड़ा। बाढड़ा-सतनाली मुख्यमार्ग पर गांव हंसावास के समीप शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में श्यामपुरा निवासी पूर्व सैनिक की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। पुलिस ने मृतक के भतीजे के बयान पर दूसरी बाइक के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक ओमप्रकाश (75) पूर्व सैनिक था। शुक्रवार को वह अपने भतीजे कर्मबीर के साथ बाइक पर सवार होकर बाढड़ा कैंटीन में सामान लेने आया था। कर्मबीर ने बताया कि सामान लेकर वो घर लौट रहे थे और बाइक वो चला रहा जबकि चाचा ओमप्रकाश पीछे बैठा था।
कर्मबीर ने बताया कि जब वो गांव हंसावास के समीप पहुंचे तो सामने से आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइकें सड़क पर जा गिरी और ओमप्रकाश समेत दूसरी बाइक पर सवार शख्स घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का शव दादरी सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। शनिवार को कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस ने मृतक के भतीजे के बयान पर दूसरी बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
-सतेंद्र, हेड कांस्टेबल एवं जांच अधिकारी