चरखी दादरी। शहर के 27 फुटा रोड पर करीब डेढ़ एकड़ जमीन में बनाए गए दमकल विभाग के कार्यालय की भूमि छह साल बाद भी विभाग के नाम नहीं हो पाई है। भवन का निर्माण पूरा होने के बावजूद जमीन की रजिस्ट्री दमकल विभाग के नाम कराने की प्रक्रिया लंबित है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार मुख्यालय की ओर से जारी पत्र के तहत नगर परिषद को कार्यालय के लिए आवंटित भूमि को दमकल विभाग के नाम हस्तांतरित करवाना था लेकिन दोनों विभागों के बीच समन्वय के अभाव में यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। दमकल विभाग का कार्यालय करीब छह वर्ष पहले तैयार किया गया था। निर्माण के समय उम्मीद थी कि भवन तैयार होने के साथ ही भूमि संबंधी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली जाएंगी। हालांकि भवन तैयार होने के बाद भी जमीन का मालिकाना हक विभाग के नाम दर्ज नहीं हो पाया।
ऐसे में कार्यालय का संचालन तो हो रहा है लेकिन जिस भूमि पर भवन खड़ा है उसकी रजिस्ट्री अभी नगर परिषद और दमकल विभाग के बीच हस्तांतरण की प्रक्रिया में अटकी हुई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मुख्यालय स्तर से नगर परिषद को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया गया था। इसमें कार्यालय के लिए निर्धारित भूखंड को दमकल विभाग के नाम स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर दोनों विभागों के बीच अपेक्षित तालमेल नहीं बन सका। नतीजतन फाइल आगे नहीं बढ़ पाई।
भवन तैयार लेकिन जमीन का मालिकाना हक नहीं
दमकल विभाग के लिए कार्यालय भवन का निर्माण नगर परिषद की डेढ़ एकड़ जमीन पर किया गया था लेकिन भूमि का रिकॉर्ड विभाग के नाम नहीं होने के कारण संपत्ति से संबंधित औपचारिकताएं अधूरी हैं। अधिकारियों के अनुसार रजिस्ट्री होने के बाद ही जमीन का मालिकाना हक स्पष्ट रूप से विभाग के नाम दर्ज हो सकेगा।
आपसी तालमेल के चलते नहीं हो पाई है रजिस्ट्री
दोनों विभागों में तालमेल की कमी के चलते छह वर्ष बाद भी नगर परिषद दमकल विभाग के नाम जमीन की रजिस्ट्री नहीं करवा पाया है। लंबा समय बीतने के बावजूद सरकारी विभागों के बीच जमीन हस्तांतरण जैसी प्रक्रिया पूरी न होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यदि निर्माण से पहले या भवन बनने के तुरंत बाद दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी कर ली जाती तो वर्तमान में यह मामला लंबित नहीं रहता। विभाग के नाम जमीन की रजिस्ट्री नहीं होने से विभाग जमीन के मालिकाना हक से वंचित है।
वर्जन
हमारे पास मुख्यालय से पत्र प्राप्त हुआ था जिसमें नगर परिषद को दमकल विभाग कार्यालय की रजिस्ट्री नाम करवाने को कहा गया था, हमने पत्र नगर परिषद के पास भेज दिया था। नगर परिषद को ही रजिस्ट्री का काम करवाना था।- नफेसिंह, सहायक फायर अधिकारी
वर्जन
हमें दमकल विभाग के किसी अधिकारी ने रजिस्ट्री करवाने की बात नहीं कही है। रजिस्ट्री करवाने के लिए दमकल विभाग के अधिकारियों को पहल कर आगे आना चाहिए था। विभाग के अधिकारी जब चाहे जमीन की रजिस्ट्री करवा सकते हैं।- राजाराम, ईओ नगर परिषद
अकबरपुर के गौहन्ना के बबुरहिया गांव में जेसीबी मशीन को रोकतीं महिलाएं।
अकबरपुर के गौहन्ना के बबुरहिया गांव में जेसीबी मशीन को रोकतीं महिलाएं।
अकबरपुर के गौहन्ना के बबुरहिया गांव में जेसीबी मशीन को रोकतीं महिलाएं।