चरखी दादरी। शहर को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर परिषद की ओर से शुरू की गई कपड़े के थैले उपलब्ध करवाने की योजना सरकारी उदासीनता की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। करीब आठ महीने पहले शहर में सरस्वती पार्क के समीप और नई अनाज मंडी में वेंडिंग मशीनें लगाई गई थीं।
इनका उद्देश्य लोगों को पांच रुपये का सिक्का डालकर आसानी से कपड़े का थैला उपलब्ध करवाना था ताकि बाजार में खरीदारी के दौरान प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलिथीन के इस्तेमाल को कम किया जा सके लेकिन देखरेख के अभाव में दोनों मशीनें अब धूल फांक रही हैं।
नगर परिषद की ओर से करीब 70 हजार रुपये की लागत से दो मशीनें लगवाई गई थीं। इन्हें स्थापित करते समय नगर परिषद की ओर से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अच्छी पहल के रूप में प्रचारित किया गया था। हालांकि कुछ ही समय बाद यह व्यवस्था ठप हो गई। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, मशीनें लगाने के दिन ही इनमें से कपड़े के थैले निकले थे। इसके बाद लोगों ने कई बार पांच रुपये का सिक्का डालकर थैला निकालने का प्रयास किया, लेकिन मशीन से कोई थैला नहीं मिला।
शुरुआत में दिखा उत्साह, अब मशीनों की सुध लेने वाला कोई नहीं
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मशीनें लगाने के बाद उनकी नियमित जांच और रखरखाव की व्यवस्था नहीं की गई। यदि तकनीकी खराबी आने पर समय रहते मरम्मत करवाई जाती तो लोगों को इसका लाभ मिल सकता था। मशीनों के आसपास से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं, लेकिन खराब पड़ी व्यवस्था को देखकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
पर्यावरण संरक्षण की पहल को धरातल पर उतारने की जरूरत
शहर में पॉलिथीन के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के लिए केवल जागरूकता अभियान चलाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों को उसके विकल्प भी उपलब्ध करवाने जरूरी हैं। कपड़े के थैले देने वाली मशीनें इसी दिशा में एक उपयोगी कदम साबित हो सकती थीं। मगर जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के कारण हजारों रुपये खर्च करने के बावजूद योजना अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रही है।
वर्सन:
मशीन में डाले गए कपड़े के थैलों की मोटाई अधिक होने के कारण बाहर नहीं निकल रहे थे अब मशीन की क्षमता अनुसार थैले उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि पांच रुपये का सिक्का डालने के बाद तुरंत कपड़े का थैला बाहर निकल सके।सीमादेवी, आईसी एक्सपर्ट नगर परिषद