चरखी दादरी। उपायुक्त डॉ. राहुल नरवाल ने लघु सचिवालय में जिले के सबसे कम लिंगानुपात वाले गांव के लिए जागृति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सावन पर्व हरियाली तीज की बधाई देते हुए उपायुक्त ने कहा कि बेटियों के प्रति लोगों की सोच में बदलाव लाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा म्हारी बेटी-म्हारी शान कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस अभियान को और अधिक गति देने की जरूरत है।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को घर-घर पहुंचने में आंगनबाड़ी वर्कर का अहम रोल होता है। हमारी संस्कृति में भी महिलाओं को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। बेटियां हर मां-बाप के लिए गौरव होता है। आज खेल से लेकर शिक्षा तक बेटियों ने अपना परचम लहराया है। ऐसे में सभी आंगनबाड़ी वर्कर महिला जागृति के लिए और अधिक मेहनत के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों ने प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सभी बेटियों को मौके मिलने चाहिए। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी गीता सहारण ने बताया कि जिलास्तर पर उपायुक्त द्वारा तीज के त्योहार की शुरुआत के साथ ही जिले की सभी आंगनबाड़ी में त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में मेहंदी, रंगोली, सेल्फी प्वाइंट तथा हरियाणवी संस्कृति से ओतप्रोत गीतों के साथ झूलों का आनंद लिया जाएगा।