चरखी दादरी। केंद्र सरकार के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना चलाई जा रही है। योजना सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के विकास के लिए एक उल्लेखनीय कदम है। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने यह जानकारी दी।
उपायुक्त ने कहा कि योजना का लाभ पहुंचाने के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना का उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत एफपीओ, एसएचजी, सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमियों और सहकारी समितियां को लाभ पहुंचाया जा सकता है।
उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के तहत सरकार की ओर से फूड प्रोसेसिंग और अन्य सामान्य सुविधाओं जैसे सोर्टिंग-ग्रेडिंग, वेयर हाउस, फार्म-गेट - कोल्डस्टोर्स, खाद्य उत्पादों के लिए सामान्य प्रसंस्करण सुविधाओं के लिए 35 प्रतिशत तक सब्सिडी व 3 करोड़ रुपये तक का ऋण मुहैया करवाया जा रहा है।
योजना का उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण को सहायता प्रदान कर उनका विकास करना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार अपनी नीतियों से सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्योगों को लगातार मजबूत कर रही है। ये उद्योग सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि, ग्लोबल सप्लाई और वेल्यू चेन को सशक्त करने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं।