संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। सिंचाई विभाग के इंजीनियर इन चीफ बिजेंद्र सिंह नारा ने क्षेत्र से गुजरने वाली नहरों व चार पंप हाउसों का निरीक्षण कर जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इंजीनियर इन चीफ बिजेंद्र नारा ने शनिवार रात 11 बजे लोहारू जल मंडल से गुजरने वाली नहरों का निरीक्षण किया। सूचना मिलने पर विभाग के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। टीम अधिकारियों ने सबसे पहले बेरला पंप हाउस, बडेसरा, बिलावल पंप हाउसों से जलापूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुरानी मशीनों को बदलने व पेयजल शेड्यूल को धरातल पर लागू करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से पेयजल आपूर्ति व जोहड़ों को तत्परता से भरने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र से गुजरने वाली नहरों, माइनरों का युद्ध स्तर पर नवीनीकरण किया जा रहा है। कृषि मंत्री जेपी दलाल विभाग के पानी की आवक की प्रतिदिन की रिपोर्ट से सीएम मनोहर लाल को सारी स्थिति से अवगत करवा रहे हैं इसलिए कर्मचारी इस मामले में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतें। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनका जल्दी ही समाधान करवाने का भरोसा दिया।
हर टेल तक पानी पहुंचाना मकसद
बिजेंद्र सिंह नारा ने बाद में पत्रकारों से बातचीत करते दावा किया कि विभाग का लक्ष्य हर टेल तक पानी पहुंचाना है। प्रदेश के सीएम मनोहरलाल व कृषि मंत्री जेपी दलाल के विशेष प्रयासों से सिंचाई विभाग ने दक्षिणी हरियाणा के रेतीली क्षेत्रों से गुजरने वाली नहरों, माइनरों का नवीनीकरण किया जा रहा है।
फोटो 35
बेरला में हाउस निरीक्षण करते हुए चीफ इंजीनियर बिजेंद्र सिंह नारा। संवाद