झोझूकलां। बाढड़ा की विधायक नैना सिंह चौटाला ने कहा है कि सभी नागरिकों को बिजली की बचत करने में अपना सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में लोगों को पहले से अधिक बिजली आपूर्ति दी जा रही है। विधायक ने बिजली अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की शिकायतों का समय पर निवारण किया जाए। विधायक बुधवार को कस्बा झोझू कलां के सेठ बिशंभर दयाल सामुदायिक भवन में उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि कस्बा झोझू कलां में एक करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बिजली वितरण निगम का नया भवन बनाया जाएगा। इसके अलावा झोझू और गोकल गांव में 33 केवी के नए सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली आपूर्ति की ओर पूरा ध्यान दे रही है और आम जनता को कम से कम दरों पर विद्युत आपूर्ति की जा रही है।
विधायक ने कहा कि गांव निमड़ बडेसरा की 100 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल परियोजना से इलाके के 35 गांवों को जलापूर्ति का लाभ मिलेगा। इस परियोजना पर कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नैना चौटाला ने कहा कि भारत की बिजली उत्पादन की क्षमता चार लाख मेगावाट हो गई है। अब हमारा देश पड़ोसी देशों को भी बिजली का निर्यात कर रहा है। उन्होंने लोगों से सोलर उपकरणों का इस्तेमाल करने की अपील की। विधायक ने कहा कि सौर ऊर्जा आने वाले समय में घरेलू बिजली आपूर्ति का बेहतर विकल्प साबित होगी। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए विधायक नैना सिंह ने बच्चों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका हौंसला बढ़ाया।
इस कार्यक्रम में भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड के अधीक्षण अभियंता कुलदीप सिंह ने कहा कि भाखड़ा बांध से हरियाणा, राजस्थान, पंजाब आदि राज्यों को पिछले करीब 70 सालों से बिजली आपूर्ति दी जा रही है। भाखड़ा व्यास प्रबंधन बोर्ड प्रदेश की विद्युत आपूर्ति में अहम योगदान दे रहा है।
- विद्यार्थियों ने नाटक के जरिये दिया बिजली बचाने का संदेश
आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित किए गए इस समारोह में छात्र-छात्राओं ने बिजली पर आधारित नाटकों की प्रस्तुति दी और ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कुशल कटारिया ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
- ये भी रहे मौजूद
समारोह में पूर्व आईएएस प्रदीप गोदारा, एसडीएम संजय कुमार, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता सचिन यादव, बीबीएमबी एसडीओ बीएस गुलिया, राजेंद्र लितानी, जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका, शीला भ्याणा, सूरज बेनिवाल आदि मौजूद रहे।