बिजली विभाग की अनदेखी के चलते शहर के वार्ड पांच की गलियों के बीच बिजली के तार झूल रहे हैं। इनसे हादसे होने के अंदेशे से लोग परेशान हैं। बार-बार विभाग को अवगत कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही, जिसे लेकर वार्ड के लोगों में रोष है। रविवार को स्थानीय लोगों ने बिजली निगम के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
बलावाला मंदिर के समीप तीन गलियों में लटकते तारों के कारण 150 घरों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां वार्ड की गली में बिजली की तार घर के गेट पर जमीन से मात्र दो फीट ऊपर लटक रहे हैं। इसके कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं, वार्ड पार्षद का कहना है कि वे निगम के अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन विभाग सुनवाई नहीं कर रहा है। वार्ड पांच के लोगों का कहना है कि यहां कॉलोनी में पिछले एक वर्ष से बिजली के तार लटक रहे हैं। इन तारों को कसने के लिए विभाग के कर्मचारियों को कई बार कहा गया है, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा। गली के बीच लटक रहे तार किसी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। शहर के बलावाला मंदिर के समीप गली में खंभों से नीचे बिजली के तार लटक रहे हैं। ये तार इतने ढीले हो गए हैं कि यहां से गुजरने वाले लोग तक इनकी चपेट में आ सकते हैं।
वार्ड पांच निवासी मोनू कुमार, महावीर, गोपाल, मुरारी, विजय कुमार, महेंद्र सिंह, नरेश, सतीश, प्रमोद कुमार, राजेंद्र, बलजीत व राज सिंह ने बताया कि यहां तार काफी नीचे लटक रहे हैं। बिजली निगम की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। कई माह पूर्व निगम की ओर से यह पहल की गई थी कि बिजली के तारों को दुरुस्त करने के लिए खंभे बदले जाएंगे, लेकिन नतीजा सिफर रहा। निगम ने कुछ स्थानों पर तो खंभे बदल दिए, लेकिन आज भी क्षेत्र के अधिकतर हिस्सों में बिजली के तार अव्यवस्थित ढंग से लटकते हुए हादसों को न्योता दे रहे हैं।
लोगों ने बताया कि बालावाला मंदिर के समीप तो बिजली के तार इतने नीचे तक लटके हुए हैं कि कभी भी कोई घटना घटित हो सकती है। निगम की लापरवाही के चलते लोगों में विभाग के खिलाफ रोष जताया है। अपने घरों की दीवार से तारों को सहारा देकर बांधा हुआ है। लोगों का कहना है कि वे कई बार निगम कर्मचारियों को बिजली के लटकते तारों को कसने की मांग कर चुके हैं। लोगों ने बिजली निगम अधिकारियों से शीघ्र ही समस्या का समाधान करने की मांग की है। लोगों ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे कड़ा कदम उठाने को विवश होंगेे। बिजली निगम के एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि वार्ड पांच से इस बारे में कोई शिकायत नहीं मिली है। अगर कहीं बिजली के तार लटके हुए हैं तो कर्मचारी भेजकर जल्द ही उनको ठीक करवा दिया जाएगा।