जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। दादरी विधानसभा क्षेत्र में शाम छह बजे तक 71.2 तो बाढड़ा में 67.8 प्रतिशत मतदान हुआ। दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के दौरान 12 बूथों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आई और उन्हें बदलकर मतदान शुरू करवाया गया। भागेश्वरी गांव स्थित 95 नंबर बूथ पर मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद ही ईवीएम खराब हो गई। यहां दूसरी ईवीएम लगाकर मतदान प्रक्रिया सुचारु की गई। फिलहाल 2014 के मुकाबले दादरी में 3.40 तो बाढड़ा में 12.80 फीसदी वोट कम पड़े। सोमवार सुबह सात बजे जिले के दादरी और बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में मतदान शुरू हुआ। सात बजते ही मतदाताओं की कतारें पोलिंग बूथ पर लगनी आरंभ हो गईं। पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी उत्साह से मतदान करने के लिए बूथ पर पहुंचने लगे। दादरी विधानसभा क्षेत्र के वैश्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और महाराजा अग्रसेन धर्मशाला में पिंक बूथ बनाया गया। इसी प्रकार बाढड़ा हलके का पिंक बूथ गांव कलियाणा व झोझू में बनाया गया। रामनगर में आदर्श बूथ बनाया गया था। इस सभी पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चली।
सुबह नौ बजे तक जिले के बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र के 239 मतदान केंद्रों पर नौ प्रतिशत व दादरी विधानसभा क्षेत्र के 232 बूथों पर 11 प्रतिशत मतदान हो चुका था। इसके बाद 11 बजे तक बाढड़ा में 25 प्रतिशत व दादरी में 21 प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया। दोपहर एक बजे मतदान प्रतिशत दादरी में 29 व बाढड़ा में 33 रहा। दोपहर बाद तीन बजे तक मतदाताओं का रुझान बढ़ा तो बाढड़ा में 49.6 और दादरी में 46.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। शाम पांच बजे तक बाढड़ा हलके में 62.4 व दादरी विधानसभा क्षेत्र में 59.2 प्रतिशत मतदान हुआ। जनता कॉलेज परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम से दादरी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम संदीप अग्रवाल ने तो जेडीकेडीईएस स्कूल परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम से बाढड़ा रिटर्निंग अधिकारी विरेंद्र सिंह ने चुनाव प्रक्रिया पर निगरानी रखी।
कंट्रोल रूम से 158 शिकायतों का किया समाधान
दादरी लघु सचिवालय परिसर के प्रथम तल पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मवीर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया था। उपायुक्त की देखरेख में निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर मतदाताओं की उनके वोट, पोलिंग बूथ, वोटर लिस्ट में नाम न होने आदि की शिकायतों को सुनकर उनका तत्काल समाधान किया गया। मतदाताओं की इस प्रकार की 158 शिकायतों का समाधान किया गया। कंट्रोल रूम में बाढड़ा कालेज प्राचार्य सूबे सिंह, बंसीलाल व प्रीतम मतदाताओं की शिकायतों का निवारण करने के लिए उपस्थित रहे। उपायुक्त धर्मवीर सिंह कंट्रोल रूम में लगी एलईडी स्क्रीन पर संवेदनशील मतदान केंद्रों का सीधा प्रसारण देखते रहे।
हर दो घंटे बाद दादरी हलके में से रही मतदान की स्थिति
समय मतदान प्रतिशत
सात से नौ 5.5
नौ से ग्यारह 16
ग्यारह से एक 31.8
एक से तीन 41.3
तीन से पांच 59.2
छह बजे तक 71.2
हर दो घंटे बाद बाढड़ा हलके में ये रही मतदान की स्थिति
समय मतदान प्रतिशत
सात से नौ 5
नौ से ग्यारह 26
ग्यारह से एक 42
एक से तीन 49.6
तीन से पांच 62.4
छह बजे तक 67.8
इन बूथों पर ईवीएम में आई गड़बड़ी
दादरी हलके के गांव बौंदखुर्द के बूथ नंबर 23, बौंदकलां के बूथ नंबर 27, फौगाट गांव के बूथ नंबर 34, सांवड़ गांव के बूथ नंबर 44, भागेश्वरी गांव के बूथ नंबर 95, चरखी गांव के बूथ नंबर 156, दादरी शहर के बूथ नंबर 164, भागवी गांव के बूथ नंबर 222, सरूपगढ़ गांव के बूथ नंबर 228 व मानकावास गांव के बूथ नंबर 128 पर ईवीएम में गड़बड़ी आई। झोझूकलां और चरखी गांव में मतदान करीब 40 मिनट देरी से शुरू हुआ। वहीं, बाढड़ा हलके के गांव मंदोला और ऊण के बूथ की ईवीएम भी बदलनी पड़ीं।