बिजली निगम ने एक करोड़ 19 लाख रुपये ब्याज माफ किया
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बिजली निगम ने अंत्योदय योजना के तहत 234 डिफाॅल्टर उपभोक्ताओं के एक करोड़ 19 लाख रुपये माफ कर इनके घर उजाला करने का काम किया है। इन सभी के कनेक्शन नए सिरे से चालू कर दिए गए हैं।
हरियाणा बिजली निगम ने एक माह के लिए डिफॉल्टर उपभोक्ताओं को बिल भरने पर ब्याज माफी योजना शुरू की थी। ताकि, उपभोक्ता आसान किस्तों में बिल भर कर अपना कनेक्शन चालू करवा सकें। ब्याज माफी योजना का लाभ केवल 35 उपभोक्ता ही उठा पाए। इसके अलावा निगम ने अंत्योदय योजना के तहत एक करोड़ 19 लाख रुपये माफ कर 234 घरों में उजाला करने का काम किया है।
ब्याज माफी योजना की अंतिम तारीख 31 अगस्त निर्धारित की गई थी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने शहर के 2390 डिफॉल्टर उपभोक्ताओं के लिए ब्याज माफी योजना शुरू की थी। योजना के अनुसार निगम ने डिफॉल्टर उपभोक्ताओं का ब्याज माफ करने के अलावा एकमुश्त अदायगी पर पांच प्रतिशत तक मूल राशि माफी का प्रावधान किया गया। वहीं, इसके साथ निगम ने एक लाख से कम आय वाले उपभोक्ताओं को अधिकतम 3600 रुपये भरने के बाद कनेक्शन चालू करवाने का प्रावधान किया।
11 करोड़ है बकाया बिल
जिले के 2309 उपभोक्ताओं की तरफ से 11 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया बिल है। गत माह समाप्त हुई योजना का केवल 35 उपभोक्ताओं ने लाभ उठाया है। बिजली निगम ने इन उपभोक्ताओं का 6 लाख 77 हजार 617 रुपये ब्याज माफ कर इनका कटा हुआ बिजली कनेक्शन चालू कर दिया है। अंत्योदय योजना में शामिल 234 लोगों से 6,33,091 रुपये भरवाने के बाद उनके घरों में उजाला किया गया है। इस योजना के तहत 1,19,30,370 रुपये माफ किए गए हैं।
किस्तों में करना था भुगतान
बिजली निगम ने 31 दिसंबर 2023 तक समय पर बिजली बिल नहीं भरने वाले 2390 शहरी व ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए यह योजना शुरू की थी। ताकि, उपभोक्ता बिजली बकाया राशि किस्तों में भर सकें। इन डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर निगम का कुल 11 करोड़ रुपये का बकाया है। इसकी ब्याज राशि लगभग तीन करोड़ के करीब बताई गई। डिफॉल्टर बिजली उपभोक्ता का कनेक्शन जोड़ने के लिए निगम ने बकाया बिल को एकमुश्त भरने पर पूरा ब्याज माफ करने के अलावा पांच प्रतिशत मूल बिल की राशि माफ करने की योजना एक माह के लिए लागू की थी।
वर्सन:
एक माह में केवल 35 उपभोक्ताओं ने अपना बकाया बिल भर कर कनेक्शन को चालू करवाया है। वहीं, इसके साथ 234 कनेक्शन अंत्योदय के तहत चालू किए गए हैं। एक लाख रुपये से कम आय वाले उपभोक्ता अधिकतम 3600 रुपये जमा करवा कर अपना बिल माफ करवा सकते हैं।
-गौरव कुमार, एसडीओ बिजली निगम
फोटो: 14 रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय।
फोटो:15 गौरव कुमार, एसडीओ