सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए कागज तैयार करती पुलिस।
बाढड़ा। गांव हंसावास खुर्द निवासी एक बुजुर्ग को शुक्रवार देर शाम कार चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग ने दादरी सिविल अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। मृतक सूबे सिंह (80 ) के बेटे सुरेंद्र के बयान पर बाढड़ा थाना पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस ने दादरी सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में सुरेंद्र ने बताया कि उसका परिवार खेत में घर बनाकर रहता है। शुक्रवार देर शाम उसका पिता सूबे सिंह गांव से घर आ रहा था। उसी दौरान कादमा-चांदवास रोड पर पहुंचते ही एक कार चालक ने उसके पिता को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में सूबे सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद राहगीरों ने उसे बाढड़ा अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दादरी रेफर किया गया। दादरी पहुंचने पर चिकित्सकों ने सूबे सिंह की जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शनिवार सुबह कागजी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया।
शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के बेटे सुरेंद्र के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। विशाल कुमार, एएसआई एवं जांच अधिकारी, बाढड़ा थाना