चरखी दादरी। लोहारू रोड पर करीब एक महीना पहले गाड़ी की टक्कर से ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अब घायल के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दादरी के वार्ड-19 एमसी कॉलोनी निवासी दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका बड़ा भाई अजय ई-रिक्शा चलाता है। गत 24 दिसंबर को उसका भाई रेलवे स्टेशन से लोहारू रोड स्थित निजी अस्पताल में एक सवारी को लेकर गया था। देर रात करीब साढ़े 11 बजे उसका भाई सवारी को छोड़कर लोहारू चौक की तरफ जा रहा था तो एक तेज रफ्तार ईको गाड़ी ने उसके भाई की ई-रिक्शा में टक्कर मार दी जिससे उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके भाई को पहले नागरिक अस्पताल और अगले दिन रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया। बाद में वे उसे हिसार के निजी अस्पताल में ले गए। दीपक के अनुसार इस हादसे में उसके भाई के दोनों पैर टूट गए और सिर में गुम चोट लगी है। उसके ठीक न होने के कारण वे अभी तक पुलिस को शिकायत नहीं दे सके। दादरी सिटी थाना पुलिस ने अब शिकायत के आधार पर गाड़ी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।