6 अक्तूबर को खेड़ी बत्तर पहाड़ के समीप हादसे में गंवाई थी ऑपरेटर ने जान
संवाद न्यूज एजेंसी
झोझूकलां। गांव खेड़ी बत्तर में पहाड़ के पास डंपर से पोकलेन ऑपरेटर को कुचलने मामले में एक आरोपी को झोझूकलां से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान मैहड़ा निवासी धर्मेंद्र के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 6 अक्तूबर को उन्हें डंपर के नीचे आने से किसी व्यक्ति की मौत होने की सूचना मिली थी। इसके बाद परिजनों ने आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कराया था। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट निवासी सुरेंद्र ने बताया था कि वे एक माह पहले तिवाला निवासी पवन के पास क्रशर में काम करने के लिए आए थे। उसके साथ शिवभुवन नामक एक उसका साथी था। शिवभुवन पोकलेन ऑपरेटर था। वह पहाड़ के पास ही बने एक कमरे में रहता था।
6 अक्तूबर को सुबह चार बजे शिवभुवन कमरे से बाहर गया था। उसी दौरान उसने धमाके की आवाज सुनी। जब बाहर जाकर देखा तो शिवभुवन डंपर के नीचे आ गया था। अब पुलिस ने डंपर चालक धर्मेंद्र को काबू कर लिया।