उपमंडल कार्यालय के सरल केें द्र के हड़ताल पर चले जाने से पसरा सन्नाटा।
बाढड़ा। हरियाणा कंप्यूटर प्रोफेशनल्स यूनियन संबंधित भारतीय मजदूर संघ कर्मियों ने मांगों को लेकर मंगलवार को हड़ताल की। इस दौरान कार्यालयों में कामकाज का बहिष्कार किया गया। ऑपरेटर्स के काम न करने से लोगों को मायूस लौटना पड़ा। बाढड़ा सरल केंद्र से मंगलवार को 100 से अधिक लोग काम करवाए बिना लौटे।
वहीं, यूनियन जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह, अमित कुमार, संदीप धनासरी, विकेश, बिशंबर सिंह, जितेंद्र कुमार, अमित, महेंद्र सिंह, अंजू ने बताया कि वे मांगों को लेकर पिछले चार साल से संघर्षरत हैं लेकिन सरकार बार-बार वादे कर मुकर जाती है। एक तरफ तो लंबे समय से कार्यरत कर्मियों को नियमित करने का दावा किया जा रहा है वहीं, डीआईटीएस में पद सृजित करने का वादे चार साल से अधर में लटके हैं।
इस दौरान सरल केेंद्र से कर्मचारी अनुपस्थित रहने से आमजन का कामकाज ठप रहा। भूमि की रजिस्टरी, जाति, रिहायशी प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र के लिए लोग भटकते नजर आए। ग्रामीण जयबीर श्योराण, जितेंद्र कुमार, आनंद, विकास, अनिल, सोनू आदि ने बताया कि प्रशासन को हड़ताली कर्मियों की गैरमौजूदगी में विकल्प के तौर पर अन्य कर्मियों की ड्यूटी लगानी चाहिए ताकि कामकाज बाधित न हो। कार्यालय कानूनगो कपूर सिंह ने कहा कि कंप्यूटर प्रोफेशनल्स कर्मी हड़ताल पर जाने के कारण कागजी रूप से काम को निपटाया गया।