चरखी दादरी। प्रदेश सरकार ने दादरी जिला मुख्यालय पर राजकीय महाविद्यालय तो खोल दिया है, लेकिन यहां शिक्षक अब तक मुहैया नहीं कर पाई है। इससे खफा विद्यार्थियों ने वीरवार सुबह जाम लगाने की तैयारी शुरू की। इसका पता चलते ही डीसी श्यामलाल पूनिया सिटीएम नरेंद्र कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विद्यार्थियों को जल्द शिक्षकों कमी दूर करवाने का आश्वासन देकर मना लिया और तब तक विद्यार्थियों को सेल्फ स्टडी के लिए प्रेरित किया। इस दौरान कक्षा में उपायुक्त ने विद्यार्थियों से भूगोल के सवाल पूछे और सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को 500 रुपये देकर सम्मानित किया।
बता दें कि राजकीय महाविद्यालय में दो संकाय में 250 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया हुआ है। लेकिन विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए सिर्फ दो ही शिक्षक मौजूद हैं। ये शिक्षक भी डेपुटेशन पर यहां पर तैनात है। कॉलेज में गणित व इतिहास के शिक्षक के अलावा अन्य विषयों के अध्यापक नहीं हैं और इसका सीधे तौर पर असर पढ़ाई पर हो रहा है।
शिक्षकों की कमी से परेशान होकर विद्यार्थियों ने शुक्रवार को लोहारू रोड पर जाम लगाने की तैयारी की। इसका पता चलते ही डीसी श्यामलाल पूनिया मौके पर पहुंच गए। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि शिक्षकों की कमी प्रशासन के संज्ञान में है और इसे दूर करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी और तब तक विद्यार्थी अपने स्तर पर पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि जाम किसी समस्या का हल नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को कक्षाओं में जाने के लिए कहा और उनके आश्वासन पर विद्यार्थी मान गए।
- शुरुआत में डेपुटेशन पर भेजे गए थे 16 शिक्षक -
कार्यवाहक प्राचार्या रचना गोयत ने बताया कि पिछले साल यहां करीब 16 शिक्षकों को डेपुटेशन पर भेजा गया था। सभी किसी न किसी कारण से यहां से तबादला करवाकर चले गए। उसके बाद से यहां शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इस बारे में कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन कमी बरकरार है।
- भूगोल के प्रश्नों में विद्यार्थी मिले गोल
कॉलेज में पहुंचे उपायुक्त ने जब विद्यार्थियों से भूूगोल व राजनीति के सवाल पूछे तो इक्का-दुक्का विद्यार्थी ही उनका जबाव दे पाए। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त ने अपनी तरफ से पांच सौ रुपये देकर प्रोत्साहित किया। इसके अलावा उपायुक्त ने विद्यार्थियों को कहा कि अगले सप्ताह भूगोल व सामान्य जानकारी के बारे में फिर से पूछा जाएगा।
ये प्रश्न पूछे उपायुक्त ने विद्यार्थियों से सवाल :
प्रश्न : कौन-कौन भारत का नक्शा बना सकता है?
- इसके जवाब मैं सिर्फ दो विद्यार्थियों ने ही अपना हाथ खड़ा किया। इनमें से शिवम ने भारत का नक्शा बनाकर उपायुक्त को दिखाया। उपायुक्त ने शिवम को पांच सौ रुपये देकर प्रोत्साहित किया।
प्रश्न : भारत का उपराष्ट्रपति कौन है? इनका कार्यकाल कितना होता है? अभी राष्ट्रपति के लिए किस ने नामांकन किया है?
इसके जवाब में कॉलेज की छात्रा स्वीटी ने कुछ हद तक सही जवाब दिया। उपायुक्त ने इनाम के तौर पर छात्रा को भी पांच सौ रुपये प्रदान किए।
--------
वर्जन::
कॉलेज में शिक्षकों की कमी लंबे समय से चल रही है। इसको लेकर कई बार प्रशासन को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से अब तक इसका कोई समाधान नहीं किया गया। विद्यार्थियों के लिए कॉलेज परिसर बाद में बनाया जा सकता है, लेकिन पहले शिक्षकों की कमी को पूरा करना चाहिए।
- रचना गोयत, कार्यवाहक प्राचार्या, राजकीय कॉलेज दादरी।
--------
वर्जन::
शिक्षकों की कमी की बात आगे पहुंचा दी गइ है और जल्द ही यहां शिक्षक उपलब्ध हो जाएंगे। जब तक शिक्षक उपलब्ध नहीं होते तब तक विद्यार्थी समय जाया करने की बजाय सेल्फ स्टडी करें।
श्यामलाल पूनिया, जिला उपायुक्त, चरखी दादरी।