- करनाल एसीबी टीम ने तरुण भारद्वाज को 15 मई को मेडिकल स्टोर संचालक से रिश्वत लेने पर किया था काबू, भ्रष्टाचार के तहत दर्ज हुआ था केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मेडिकल स्टोर संचालक से रिश्वत लेने के मामले में एसीबी करनाल टीम की ओर से काबू किए गए दादरी ड्रग कंट्रोल ऑफिसर तरुण भारद्वाज की सेवाएं विभाग ने समाप्त कर दी हैं। स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। उसे 15 मई को गिरफ्तार किया गया था।
तरुण भारद्वाज के खिलाफ एक मेडिकल स्टोर संचालक ने रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। इसमें कार्रवाई के लिए करनाल एसीबी की टीम को दादरी भेजा गया। शिकायतकर्ता ने रेलवे रोड स्थित एक दुकान पर 30 हजार की रिश्वत दी। इसके तुरंत बाद एसीबी टीम ने वहां पहुंचकर रुपये पकड़ने वाले युवक को दबोच लिया। इसके साथ ही रिश्वत राशि भी बरामद कर ली।
इसके बाद उसी दिन इस मामले में तरुण भारद्वाज को काबू किया गया। उस दौरान वह मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ मोरवाला गांव स्थित एक मेडिकल स्टोर पर गया था। बीच रेड ही एसीबी टीम तरुण भारद्वाज को अपने साथ ले आई थी।
- एक लाख की मांगी थी रिश्वत
तरुण भारद्वाज के खिलाफ गांव होस्दापुर निवासी विकास ने रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार एक लाख में सौदा तय होने पर 70 हजार रुपये पहले दे चुका था। बाकी 30 हजार उसने 15 मई को दिए और उसी दिन एसीबी ने कार्रवाई करते हुए एक ही दिन में दो को दबोच लिया। इसके बाद इस मामले में एक गिरफ्तारी और हुई।