फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

20 मिनट में दो बार हुई बूंदाबांदी, अगले तीन दिन में तेज बारिश के आसार

विज्ञापन
विज्ञापन
मौसम में परिवर्तन आने से शनिवार सुबह जिले में हल्की बूंदाबांदी हुई और दिनभर बादल छाए रहने से सूर्य देव के दर्शन तक नहीं हुए। सुबह करीब आठ किलोमीटर और शाम को 14 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा ने फिजाओं में ठंडक घोल दी। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन में तेज बारिश का अनुमान जताया है। बूंदाबांदी के बावजूद जिले का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़ा है।
विज्ञापन

शनिवार सुबह करीब दस बजे बूंदाबांदी शुरू हुई, जो पांच मिनट बाद ही बंद हो गई। इसके दस मिनट बाद फिर से बूंदाबांदी शुरू हुई जो अगले पांच मिनट तक जारी रही। करीब 20 मिनट की अवधि में दो बार बूंदाबांदी होने से मौसम का मिजाज बदल गया। बूंदाबांदी रुकते ही शीत लहर शुरू हो गई। सुबह और शाम के समय ठंडी हवा चलने का असर जन-जीवन पर भी पड़ा। शनिवार सुबह आसमान में हल्का कोहरा छाया रहा। सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक सड़कों पर वाहन रेंगकर चले।
मौसम में परिवर्तन आने के बावजूद जिले का न्यूनतम तापमान तीन डिग्री बढ़ा है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम पांच डिग्री था। शनिवार को अधिकतम तापमान स्थिर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान बढ़कर 12 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार तक जिले का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री तक जा सकता है।
विज्ञापन

आठ से दस एमएम बारिश होने पर बचेगा खर्च
बारिश से सरसों, गेहूं, मैथी, चना, जौ आदि की बिजित फसलों को फायदा हुआ है। किसान नंबरदार कृष्ण फौगाट, सुरेंद्र, रामअवतार, जगमाल व मांगेराम आदि ने बताया कि बूंदाबांदी से फसलों के पौधों पर जमा कीट और प्रदूषण भी हटा है। अगर जिले में आठ से दस एमएम बारिश हो जाएं, तो किसानों की एक सिंचाई के रुपये बच जाएंगे।
बादल छाने से बढ़ा है न्यूनतम तापमान: मौसम विशेषज्ञ
एचएयू के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एमएल खिचड़ ने बताया कि बूंदाबांदी के साथ दादरी जिले में बादल छाए रहे। बादल छाने की वजह से जिले का न्यूनतम तापमान बढ़ा है। अगले दो-तीन दिन में तेज बारिश का अनुमान है। दिन का तापमान अगले दो-तीन दिन बढ़ेगा, जबकि रात को नीचे आएगा।
सर्दी के समय बरतें विशेष सावधानी: सीएमओ
सिविल सर्जन डॉ. सुदर्शन पंवार ने बताया की बच्चे और बुजुर्ग ठंड की चपेट में आसानी से आ जाते हैं। ऐसे में उनका विशेष ख्याल रखें। श्वास रोगी सर्दियों में बाहर निकलने से गुरेज करें और बच्चों को जितना हो सके सुबह और शाम को हवा चलने पर घर से बाहर न निकलने दें। खांसी-जुकाम या बुखार की शिकायत होते ही तुरंत चिकित्सक से परामर्श ले। सामान्य बीमारियों के लक्षण नजर आते ही तुरंत कोरोना टेस्ट करवाएं
विज्ञापन

शनिवार को हुई बूंदाबांदी फसलों के लिए लाभदायक है। बारिश होती है, तो इससे फसलों के विकास और पैदावार पर सकारात्मक असर पड़ेगा।
रमेश कुमार, कृषि विशेषज्ञ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें