फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: सरल केंद्र में छह महीने से पेयजल संकट, रोजाना पहुंचते हैं एक हजार से अधिक लोग

Fri, 14 Aug 2026 11:48 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र में कार्य के लिए आए लोग अपनी बारी का इंतजार करते हुए। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। लघु सचिवालय परिसर स्थित सरल केंद्र में पिछले करीब 6 महीने से पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। जरूरी सरकारी कार्यों के लिए प्रतिदिन करीब एक हजार से अधिक लोग लोग सरल केंद्र पहुंचते हैं लेकिन यहां पीने के पानी की समुचित व्यवस्था न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

भीषण गर्मी और उमस के बीच पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। लगभग 6 महीने पहले सरल केंद्र के बाहर लगे वाटर कूलर के पानी से लोग अपनी प्यास बुझाते थे लेकिन वाटर कूलर की जगह क्रैच का गेट लगने के बाद वाटर कूलर को हटा दिया गया था।
सरल केंद्र में जिले के विभिन्न गांवों और शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग परिवार पहचान पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित कार्य करवाने के लिए पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में लोगों की रोजाना आवाजाही होने के बावजूद पेयजल की समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में रोष है।
विज्ञापन

सरल केंद्र में काम करवाने के लिए घंटों इंतजार करने वाले लोगों के लिए पीने का पानी उपलब्ध नहीं होने से सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को होती है। लोगों का कहना है कि सरकारी कार्यालय में आने वाले नागरिकों के लिए मूलभूत सुविधाओं में पेयजल सबसे जरूरी है। इसके बावजूद लंबे समय से समस्या बनी हुई है।

दुकानों से लेकर आना पड़ता है पानी
लोगों के अनुसार गर्मी के मौसम में पानी की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। सरल केंद्र में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं ऐसे में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। लोगों ने बताया कि पानी के लिए उन्हें बाहर दुकानों या अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ता है।
पेयजल की हो व्यवस्था
सरल केंद्र में आए लोगों का कहना है कि पिछले करीब छह महीने से पेयजल की समस्या बनी हुई है। कई बार संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि सरल केंद्र में तत्काल प्रभाव से स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करवाई जाए। इसके साथ ही गर्मी को देखते हुए पर्याप्त संख्या में वाटर कूलर या आरओ सिस्टम स्थापित किए जाएं ताकि यहां आने वाले लोगों को राहत मिल सके।
वर्सन:
सरल केंद्र के बाहर पहले वाटर कूलर लगाया हुआ था लेकिन क्रैच खुलने के बाद वाटर कूलर गेट में बाधक बना हुआ था। जिसे हटा दिया गया था। इसके बारे में अब जानकारी मिली है। सरल केंद्र में आने वाले लोगों के लिए जल्दी ही पीने के पानी की व्यवस्था करवा दी जाएगी। - विरेंद्र सिंह, एसडीएम
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें