शहर के झाडू सिंह चौक पर सफाई करते हुए कर्मचारी। संवाद
चरखी दादरी। शहर में दूषित व बारिश के पानी निकासी के लिए बनाए गए नालों की नगर परिषद अधिकारी सफाई कराएंगे और इन पर स्लैब भी रखे जाएंगे। फिलहाल नालों की हालत खस्ता हो चुकी है और इनमें गंदगी की भी भरमार है। अब नगर परिषद की ओर से इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नालों की सफाई पर साढ़े 62 लाख रुपये और स्लैब ढकवाने पर विभाग को साढ़े 24 लाख रुपये की लागत आएगी। दरअसल, इस संबंध में अमर उजाला की ओर से 22 अप्रैल के अंक में नालों में गंदगी की भरमार, सफाई की दरकार नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद विभाग की ओर से इस पर संज्ञान लिया गया और अब विभाग ने इनकी सफाई आदि की तैयारी शुरू कर दी है।
शहर के रोहतक रोड, घिकाड़ा रोड, तिकोना पार्क क्षेत्र और बस स्टैंड रोड पर बने नाले की स्थिति खराब हो चुकी है। नगर परिषद के अनुसार, शहर में नालों की लंबाई करीब 13 किलोमीटर है। इन नालों की पिछले साले मानसून सीजन में सफाई हुई थी और उसके बाद महज एक बार ही इन्हें साफ किया गया है। मौजूदा समय में नालों की सफाई की सख्त जरूरत है क्योंकि नालों से गंदगी और गाद निकालने का यह सही समय है।
अगर नालों की सफाई में देरी हुई तो इसका खामियाजा मानसून सीजन में शहरवासियों को भुगतना पड़ेगा। अब विभाग की ओर से नालों की सफाई कराई जाएगी और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया की तैयारी चल रही है। साथ जिन नालों पर स्लैब नहीं हैं, उन पर विभाग स्लैब रखवाएगा और नालों को ऊपर ढका जाएगा। विभाग मई माह के पहले सप्ताह से कार्य शुरू करने की तैयारी में है।
-शहर के सभी नालों की सफाई करवाई जाएगी और इसके लिए टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। सभी नालों की सफाई व स्लैब लगवाना प्राथमिकता रहेगी। अब विभाग की ओर से मई शुरुआत में ही कार्य शुरू करने की तैयारी है।
- सुंदर श्योराण, एक्सईएन, नगर परिषद