25 लाख रुपये जीतने के बाद डॉ. अभिषेक गर्ग को बधाई देते प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन।
चरखी दादरी। कौन बनेगा करोड़पति में 25 लाख रुपये जीतकर शहर की शंकर कालोनी निवासी डाॅ. अभिषेक गर्ग ने जिले का नाम रोशन किया है। सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी उनकी प्रतिभा के कायल हो गए।
डॉ. अभिषेक गर्ग ने 14 सवालों के स्टीक जवाब देकर पच्चीस लाख की धनराशि जीती। उनकी जीत पर जिलेभर से लोग बधाई दे रहे हैं। डॉ. गर्ग ने बताया कि यह देशभर में अपने ज्ञान को दिखाने के लिए उचित मंच है। यह शो प्रसिद्ध अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा होस्ट किया जाता है। जिसके कारण करोड़ों की संख्या में लोग इसका प्रसारण देखते हैं।
उन्होंने बताया कि मई में उन्होंने कौन बनेगा करोड़पति कॉन्टेस्ट में भाग लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके उपरांत बुधवार व वीरवार को उन्हें अमिताभ बच्चन के साथ हॉट सीट पर बैठने का अवसर मिला। डाॅ. अभिषेक गर्ग के चाचा डॉक्टर अरविंद गर्ग ने बताया कि अभिषेक फिलहाल यूपीएससी की तैयार कर रहा है। अभिषेक वर्ष 2014 से एमबीबीएस की डिग्री करने के बाद फिलहाल शहर में स्थित एक निजी अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहा है। बचपन से ही अभिषेक काफी मेधावी रहा है। अभिषेक ने प्रारंभिक शिक्षा गीता भवन चरखी दादरी से पूरी की है। अभिषेक की जीत पर परिवार व जिले में खुशी का माहौल है।