चरखी दादरी। जब इंसान इंसानियत के नाते समाज व परिवार में हर रिश्ते को निभाता है तो उसे हर तरफ प्यार, आत्मसम्मान, विश्वास और शांति का अनुभव होता है और जीवन भी अनमोल लगने लगता है।
यह बात ब्रह्माकुमारीज दादरी जिला प्रभारी राजयोगिनी प्रेमलता ने कही। वीरवार को संस्था की नशा मुक्त संदेश यात्रा मेजबान चौक से होते हुए गांधीनगर पहुंची। इस दौरान नागरिकों को विभिन्न मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।
उन्होंने कहा कि इंद्रियों की गुलामी मनुष्य को लोभी, क्रोधी व शक्तिहीन बना देती हैं। इसके कारण वह तनाव, सुसाइड या नशे के पिंजरे में फंस जाता है और अनमोल जीवन को नर्क में धकेल देता है। ब्रह्माकुमारी प्रियंका ने कहा कि वर्तमान श्रेष्ठ संगम युग पर कल्याणकारी शिव परमात्मा राजयोग के माध्यम से मनुष्यों को विकारों के पिंजरे से निकल रहे हैं।
इसलिए सामाजिक कुरीतियों से खुद को मुक्त रखने के लिए मन को ईश्वर की याद से सुमन बनाकर अच्छे विचारों की खुशबू फैलाएं। गांधीनगर के नागरिकों ने फूलमालाओं से यात्रा का स्वागत किया और नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ ली।