चरखी दादरी। व्हाट्सएप नंबर पर फर्जी पेट्रोल पंप कंपनी की डीलरशिप लेने का लिंक भेज चिकित्सक से 2.13 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की दी शिकायत में शहर के रोहतक चौक निवासी सूबे सिंह ने बताया कि वह एक चिकित्सक है। 10 अक्तूबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे इंडियन ऑयल का पेट्रोल पंप लेने के लिए इंटरनेट पर चेक किया तो उसे एक टोल फ्री नंबर मिला। इस पर उसने अपने मोबाइल से उक्त टोल फ्री नंबर पर फोन किया तो सामने से बोल रहे व्यक्ति ने कहा कि इस संबंध में हमारे सीनियर अधिकारी से आपके पास फोन आएगा।
इसके कुछ देर बाद एक मोबाइल नंबर से उसके फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसके व्हाट्सएप पर एक पेट्रोल पंप कम्पनी का लिंक भेजा। उसके बाद उसने उक्त लिंक पर क्लिक कर उस व्यक्ति के कहे अनुसार सभी डिटेल उसमें भर दी। साथ ही फीस के नाम पर 23500 रुपये यूपीआई के जरिये उनके पास भेज दिए। इसके बाद 10 व 11 अक्तूबर को अपने खाते से 1 लाख 3 हजार 170 रुपये, उसकी पत्नी के खाते से 1 लाख 10 हजार रुपये आरोपी के बैंक खाते में भेज दिए। बाद में उसे पता चला कि उस व्यक्ति ने उसके साथ पेट्रोल पंप की डीलरशिप के नाम पर 2 लाख 13 हजार 170 रुपये की ठगी की है। यह पता चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दी।