औचक निरीक्षण के दौरान जेई सौहार्द शर्मा व दरोगा अरूण को दिशा निर्देश देते डॉ. जयेंद्र छिल्लर।
चरखी दादरी। नगर परिषद डीएमसी एवं अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह ने मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान डीएमसी को वाहन कार्यालय परिसर में खड़े मिले, जिन्हें उन्होंने तत्काल बाहर निकलवाया और कर्मचारियों को भविष्य में अपने वाहन पार्किंगस्थल पर ही खड़ा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएमसी कार्यालय परिसर में चल रही चाय की दुकान पर पहुंचे और सामान व गैस सिलिंडर बाहर रखा मिलने पर चालान करने का आदेश दिया। इसके अलावा सफाई निरीक्षक को दुकानों के बाहर कचरा फैलाने वाले लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की हिदायत भी दी गई। डॉ. जयेंद्र सिंह ने करीब 30 मिनट तक व्यवस्थाओं जायजा लिया।
दरअसल, मंगलवार दोपहर बाद डीएमसी एवं अतिरिक्त उपायुक्त नगर परिषद कार्यालय परिसर का औचक निरीक्षण करने पहुंच गए। डीएमसी के अचानक नगर परिषद कार्यालय पहुंचने से कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। डीएमसी ने सबसे पहले नगर परिषद परिसर के अंदर खड़ी बाइकों पर सख्त एतराज जताया और उनको बाहर करवाने के लिए कहा। इसके बाद मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षक विकास व दरोगा अरुण कुमार से शहर की सफाई व्यवस्था की जानकारी ली।
जो दुकानदार बाहर कचरा फेंके, उनके चालान करें
एडीसी ने सफाई शाखा के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अगर कोई दुकानदार कचरा बाहर फेंकता मिले तो उसका चालान किया जाए। सफाई व्यवस्था को बिगाड़ने वालों पर कोई नरमी न बरती जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो दुकानदार बाहर कचरा फेंकता मिले उसका फोटो मोबाइल में कैद कर ले।
नगर परिषद परिसर के अंदर खड़ी बाइकें। संवाद