चरखी दादरी। पुलिस महानिदेशक हरियाणा के दिशा-निर्देशानुसार पांच नवंबर से 20 नवंबर तक चलाए गए ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान दादरी जिला पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दादरी के पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, गोलीबारी, लूट, डकैती आदि अपराधों में वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान दादरी जिले में इस प्रकार के 35 अपराधियों को चिह्नित किया गया था। इनमें से 24 अपराधियों को पकड़ा गया। इनमें प्रतिष्ठित और व्यावसायिक लोगों से फिरौती मांगने में सहायता करने वाले 3 आरोपी संगठित अपराध के भी शामिल हैं। इनके अलावा 3 आरोपी जो जमानत पर होने के बाद भी आपराधिक गतिविधियों में हिस्सा लेते पाए गए, उनकी जमानत रद्द करवाने के लिए न्यायालय में प्रक्रिया शुरू की गई। उन्होंने बताया कि इनके अतिरिक्त 56 ऐसे आरोपियों को पकड़ा गया है, जो दादरी जिले के विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित थे। साथ ही 66 आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126/170 के तहत निवारक कार्रवाई की गई।
इनके अलावा 12 ऐसे आरोपियों की हिस्ट्रीशीट तैयार की गई, जो बार-बार अपराध करने के आदी हैं और वर्तमान में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल थे। वहीं 26 आरोपी जो पहले से ही हिस्ट्रीशीट थे और वर्तमान में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे, उनकी हिस्ट्रीशीट को अपडेट कर जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के प्रयास किए गए।
ये की रिकवरी
ऑपरेशन ट्रैकडाउन के दौरान दादरी जिले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से वारदात में प्रयोग किए गए अवैध हथियार तीन पिस्तौल, 30 हजार रुपये, 12 डंडे, एक बाइक, तीन कार, एक ट्रैक्टर, चार मोबाइल फोन, एक जेली बरामद की गई है।