तहसील परिसर में धरना देते सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी।
- फोटो : 1
बाढड़ा। तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की अगुवाई में किसान संगठन, अधिवक्ता संघ व नंबरदार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने तहसीलदार व अन्य अधिकारियों की तैनाती न होने पर अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को भी जारी रखा। इस दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान 10 दिसंबर तक तहसीलदार की नियुक्ति न होने पर 11 दिसंबर को एसडीएम, तहसील कार्यालय को ताला जड़ने का फैसला लिया है।
कस्बे के जुई रोड स्थित तहसील कार्यालय में कामकाज ठप है। लोगों के प्रमाण-पत्र नहीं बन रहे हैं। भाकियू अध्यक्ष हरपाल सिंह भांडवा ने कहा कि तहसीलदार का पद रिक्त होने से पिछले डेढ़ माह से कामकाज बाधित होने से लोग परेशान हैं। प्रशासन कोई कदम नहीं उठा रहा है। विधायक को भी रिक्त पड़े अधिकारियों के पदों के बारे में अवगत कराया गया है।
ओमप्रकाश उमरवास ने कहा कि बाढड़ा उपमंडल के साथ हर मामले में सौतेला व्यवहार हो रहा है। तहसीलदार न होने से भूमि संबंधी केसों की सुनवाई, भूमि रजिस्ट्री, किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। लोगों की सुनवाई नहीं हो रही है। उपायुक्त व एसडीएम को ज्ञापन दिए जा चुके हैं। लोगों के पास धरना देने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा।
इस मौके पर नंबरदार एसोसिएशन अध्यक्ष राजबीर हंसावास, पूर्व सरपंच वेदप्रकाश, करण सिंह बाढड़ा, अतर सिंह, पूर्व सरपंच गिरधारी, सतबीर बाढड़ा, कमल सिंह हड़ौदी, आनंद वालिया आदि मौजूद रहे।