बाढड़ा। हंसावास खुर्द व बाढड़ा गांवों के ग्रामीणों ने नगरपालिका का दर्जा खत्म करवाने की मांग के लिए बुधवार से अनिश्चिकालीन धरना शुरू कर दिया। इसके कुछ देर बाद ही जजपा जिला अध्यक्ष नरेश द्वारका मौके पर पहुंचे और उनके आश्वासन के बाद धरना 12 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
कस्बे के जुई रोड स्थित एसडीएम कार्यालय के समक्ष भाकियू अध्यक्ष धर्मपाल बाढड़ा की अध्यक्षता में बाढड़ा व हंसावास खुर्द के ग्रामीणों ने धरना शुरू किया। धरने को संबोधित करते जाट सभा महासचिव विद्यानंद हंसावास ने कहा कि क्षेत्र की जनता बार -बार मांग पत्र लेकर नेताओं व अधिकारियों के द्वार पर अपील कर रही है लेकिन सरकार की ओर से कोई सुनवाई नहीं होने पर धरना शुरू करना पड़ा। ग्रामीण बाढड़ा को पंचायत का दर्जा दिलवाए जाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीण इस मांग के लिए जनप्रतिनिधियों व उपायुक्त श्यामलाल को मांग-पत्र देकर सारी स्थिति से अवगत करवा चुके हैं। सीएम के आदेश पर दो बार जनता की राय जानने के लिए सर्वे भी हो चुका है।
धरने पर पहुंचे जजपा जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका ने कहा कि विधायक नैना चौटाला इस मुद्दे को विस सत्र में उठाएंगी इसीलिए 12 अगस्त तक धरने को स्थगित कर दिया जाए। इस पर धरने पर बैठे लोग सहमत हो गए और धरना स्थगित कर दिया गया। धरने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप सिंटी, जगत सिंह, भल्लेराम, बलजीत, सज्जन सिंह,सुनील शर्मा, कर्ण सिंह, पूर्व सरपंच ईश्वर सिंह, धनसिंह, नवीन श्योराण, पूर्व सरपंच विजय शर्मा, मीर सिंह, प्रताप श्योराण, सुंदरपाल, विकास नंबरदार, जगबीर शर्मा, प्रदीप आदि मौजूद रहे।