नगर परिषद फाइनेंस कमेटी की बैठक में मौजूद चेयरमैन व अन्य।
चरखी दादरी। दादरी नगर परिषद कार्यालय में वीरवार को चेयरमैन बक्शीराम सैनी की अध्यक्षता में फाइनेंस एवं कांट्रेक्ट कमेटी(एफसीसी) की बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शहर के विभिन्न वार्डों में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। एफसीसी की बैठक में कार्यों को स्वीकृति मिलने के बाद अब इनकी निविदा संबंधित प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बता दें कि दादरी नगर परिषद कार्यालय में वीरवार सुबह फाइनेंस एवं कांट्रेक्ट कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने की। वहीं बैठक में कमेटी के सदस्य पार्षद व अधिकारी, कर्मचारी भी मौजूद रहे। इस दौरान पार्षदों की ओर से दिए गए एजेंडों पर अधिकारियों द्वारा तैयार किए गए एस्टीमेट को मंजूरी के लिए रखा गया।
एफसीसी की बैठक में वीरवार को करीब तीन दर्जन विकास कार्यों से संबंधित एस्टीमेट प्रस्तुत किए गए। जिन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। इन विकास कार्यों में मुख्य रूप से विभिन्न वार्डों में गलियों के निर्माण, मरम्मत के अलावा सभागार, नालों का निर्माण, द्वारों की मरम्मत व नवीनीकरण आदि से संबंधित कार्य शामिल रहे।
बैठक में मुख्य रूप से बिचला बासा शिव मंदिर से हुडा सेक्टर को जाने वाली सड़क पर 79.78 लाख रुपये, एमसी कॉलोनी स्थित नगर परिषद की जमीन की चहारदीवारी के लिए 25.9 लाख रुपये के कार्यों को स्वीकृति दी गई। इनके अलावा वार्ड तीन में गलियों के निर्माण व मरम्मत के लिए 26.46 लाख रुपये, वार्ड एक में गलियों के निर्माण व मरम्मत के लिए 27.88 लाख रुपये के एस्टीमेट मंजूर किए गए।
वर्जन :
शहर के सभी वार्डों में समान रूप से बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। वीरवार को हुई एफसीसी कमेटी की बैठक में पांच करोड़ रुपये से अधिक विकास कार्यों के एस्टीमेट को स्वीकृति दी गई है। जल्द ही इन विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बक्शीराम सैनी, चेयरमैन, नगर परिषद, दादरी।