चरखी दादरी। हरियाणा रोडवेज की ओर से लगातार चेकिंग अभियान चलाने और यात्रियों को जागरूक करने के बावजूद रोडवेज बसों में बगैर टिकट यात्रा करने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मई माह में जिले और अंतरराज्यीय रूटों पर संचालित बसों में की गई व्यापक जांच के दौरान 264 यात्री बिना टिकट सफर करते पकड़े गए। इन यात्रियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाते हुए विभाग ने कुल 79,200 रुपये की राशि वसूल की है।
रोडवेज विभाग को राजस्व हानि से बचाने और यात्रियों में टिकट लेने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से गठित तीन उड़नदस्ता टीमों ने मई माह में विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत विभिन्न मार्गों पर संचालित कुल 1,159 बसों की औचक जांच की गई। जांच के दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों के बिना टिकट यात्रा करते पाए जाने से यह स्पष्ट हुआ कि विभागीय सख्ती के बाद भी नियमों की अनदेखी जारी है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार महाप्रबंधक उड़नदस्ता टीम ने 454 बसों का निरीक्षण किया। इस दौरान 104 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए जिनसे 31,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं बस फ्लाइंग नंबर-1 टीम ने 360 बसों की जांच कर 85 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा और उन पर 25,500 रुपये का जुर्माना लगाया। इसी प्रकार बस फ्लाइंग नंबर-2 टीम ने 345 बसों की चेकिंग के दौरान 75 यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़ा, जिनसे 22 हजार 500 रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किए गए।
टिकट न लेने के बताए अलग-अलग कारण
चेकिंग के दौरान पकड़े गए यात्रियों ने टिकट न लेने के अलग-अलग कारण बताए। किसी ने नींद लग जाने की बात कही तो किसी ने मोबाइल फोन में व्यस्त होने अथवा जरूरी कॉल आने के चलते टिकट कटवाना भूलने का बहाना बनाया। हालांकि उड़नदस्ता टीमों ने किसी भी दलील को स्वीकार नहीं किया और सभी यात्रियों पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
रोडवेज विभाग के निरीक्षक नवरतन शर्मा, संजय कुमार, ओमप्रकाश और सुरेंद्र ने कहा कि विभाग को वित्तीय नुकसान पहुंचाने वाले लोगों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
वर्सन :
विभाग की तीनों टीमें लगातार अभियान चलाकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। इसके बावजूद अनेक यात्री बगैर टिकट सफर कर रोडवेज को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे हैं। हरियाणा रोडवेज की सभी बसों में नियमित रूप से चेकिंग अभियान जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी रोडवेज डिपो।