सर्व कर्मचारी संघ की बैठक में शामिल कर्मचारी नेता।
चरखी दादरी। प्रदेश सरकार की ओर से हरियाणा कौशल रोजगार निगम में कार्यरत कर्मचारियों को बिना किसी ठोस कारण के डयूटी से रिलीव करने पर कर्मियों में रोष बना है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव रामपाल रामबास ने यह बात कही। उन्होंने बताया कि इस विषय को लेकर संघ के कार्यालय में जिला प्रधान कृष्ण ऊण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस फैसले के विरोध में उपायुक्त को ज्ञापन देकर कर्मियों को दोबारा सेवा में लेने की मांग उठाई जाएगी। इसके लिए 11 अप्रैल को रोष प्रदर्शन के उपरांत ज्ञापन सौंपा जाएगा। सचिव रामपाल रामबास ने बताया कि प्रदर्शन में सभी यूनियनों एवं विभागों के कर्मी प्रात: दस बजे जिला कार्यालय में एकत्रित होंगे। पहले आम सभा का आयोजन किया जाएगा। बाद में नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रोष प्रदर्शन निकाला जाएगा। सचिवालय में जिला उपायुक्त को ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक में सतबीर सरोहा, राजकुमार, कमलेश भैरवी, कृष्ण भागवी, सतबीर लहरी, देवेंद्र आदि ने विचार रखे।