संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहरवासियों ने रोजगार्डन की सुविधाओं में इजाफा करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि पैदल पथ (वॉकिंग ट्रैक) की चौड़ाई कम है, जबकि इसकी हालत भी दयनीय बनी हुई है। इसके चलते सुबह-शाम यहां आने वाले लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद अधिकारियों से पथ की चौड़ाई बढ़ाकर दशा सुधारने की मांग की है। नगर परिषद के चेयरमैन बक्शीराम सैनी का कहना है कि जल्द ही पार्क की दशा सुधार दी जाएगी।
रोजगार्डन में सुबह-शाम करीब तीन हजार लोग सैर करने आते हैं। शहर का यह मुख्य पार्क होने के वजह से सुबह-शाम बच्चे, महिलाएं व बुजुर्ग आदि घूमने आते हैं। पार्क के अंदर लोगों के घूमने के लिए एक गोलाकार ट्रैक बनाया हुआ। इसकी चौड़ाई कम है और अब इसकी हालत भी जर्जर हो चुकी है। ट्रैक पर महिलाएं, बुजुर्ग व आम लोग पैदल भ्रमण करते हैं और चौड़ाई कम होने के चलते उन्हें दिक्कतें होती हैं।
शहर निवासी सतदेव शास्त्री, आनंद शर्मा, सत्यवान, डॉ. जय पिलानिया, नितिन ग्रेवाल आदि ने कहा कि नगर परिषद को इसका आकार चौड़ा करना चाहिए ताकि लोग आराम से भ्रमण कर सकें।
पौने दो करोड़ का बजट होना है खर्च
रोजगार्डन की दशा सुधारने और यहां की सुविधाओं में इजाफा करने की योजना नगर परिषद अधिकारी पहले ही तैयार कर चुके हैं। आचार संहिता के चलते टेंडर प्रक्रिया नहीं हो सकी थी। अब जल्द ही ये प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। शहर के सबसे मुख्य पार्क की दशा सुधारने पर करीब पौने दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वर्सन:
रोजगार्डन की कायाकल्प करवाने की योजना अधिकारी तैयार कर चुके हैं। आचार संहिता के चलते इस परियोजना पर काम शुरू नहीं हो सका था। अब प्रयास है कि जल्द से जल्द से रोजगार्डन की दशा सुधारने की कवायद धरातल पर शुरू करवाई जाए। - बक्शीराम सैनी, प्रधान, चरखी दादरी नगर परिषद