डीसी मनदीप कौर को ज्ञापन देते किसान नेताओं का प्रतिनिधिमंडल।
चरखी दादरी। एमएसपी खरीद गारंटी कानून मोर्चा ने मंगलवार को उपायुक्त को ज्ञापन देकर चरखी दादरी को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है। इसके साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 19 जुलाई को नई अनाज मंडी किसान भवन में आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
मोर्चा संयोजक जगबीर घसौला, प्रदेश महासचिव रणबीर फौजी,प्रदेश उपाध्यक्ष रामकुमार सोलंकी, रिटायर्ड इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह, ओम व कटार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि अबकी बार मानसून की बारिश नहीं होने के कारण किसान खरीफ की फसलों की बिजाई नहीं कर पाए हैं। कपास की फसल जून में 45 डिग्री तापमान से नष्ट हो गई थी। इसलिए सरकार जिले को सूखाग्रस्त घोषित करें और किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देकर नुकसान की भरपाई करे।
किसान नेता जगबीर घसौला ने कहा कि सरकार का किसानों की तरफ कोई ध्यान नहीं है बल्कि सरकार आए दिन किसान विरोधी नीतियां लागू करते किसानों की कमर तोड़ने का काम कर रही है। सरकार ने किसानों से नलकूपों के ट्रांसफार्मर जलने पर उनसे चार्ज लेना भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो 19 जुलाई को नई अनाज मंडी किसान भवन में आंदोलन को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।