लघु सचिवालय में एसडीएम योगेश सैनी को ज्ञापन सौंपने पहुंचे जजपा पदाधिकारी। स्रोत: संगठन
चरखी दादरी। जलभराव से जिले में हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग के लिए जजपा ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान किसान प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका व पूर्व विधायक राजदीप फोगाट के नेतृत्व में उपमंडल अधिकारी योगेश सैनी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया कि लगातार बारिश के कारण प्रदेश सहित दादरी जिले के कई क्षेत्रों में जलभराव की विकट समस्या बनी है। खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो गई हैं जबकि ट्यूबवेल नकारा हो गए हैं। विडंबना है कि सरकार ने अभी तक गिरदावरी के आदेश नहीं दिए हैं।
जजपा जिला प्रभारी ऋषिपाल उमरवास व जिलाध्यक्ष रविंद्र चरखी ने कहा कि किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए। जिन किसानों के ट्यूबवेल खराब हुए हैं उन्हें 2 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। उपमंडल अधिकारी ने आश्वासन दिया कि मांगपत्र को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
इस मौके पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सज्जन बलाली, हलका अध्यक्ष विजय श्योराण व राकेश कलकल, मीडिया प्रभारी राजेंद्र हूई, उपाध्यक्ष ओमधारा श्योराण आदि मौजूद रहे।