कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज दीपक।
चरखी दादरी। महाराष्ट्र के पुणे स्थित आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट की ओर से नेशनल लेवल की प्रथम कौश बाॅक्सिंग कप का आयोजन किया गया। ओपन चैंपियनशिप में देशभर के मुक्केबाजों ने अपनी चुनौती पेश की।
दादरी स्थित रुपाणा बॉक्सिंग क्लब के मुक्केबाज दीपक सिंह ने रेलवे की तरफ से खेलते हुए सीनियर वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर प्रतिभा का लोहा मनवाया।क्लब संचालक रघुवीर नंबरदार लाडावास व मुख्य कोच कैलाश गिल ने बताया कि दीपक कुमार ने 65 से 70 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी चुनौती पेश की। होनहार मुक्केबाज ने राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया। इससे पहले भी यह मुक्केबाज राष्ट्रीय स्तर पर अपने पंचों की छाप छोड़ चुका है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में रुपाणा बॉक्सिंग क्लब की मुक्केबाज वंशिका अहलावत ने एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ाया है। अब दीपक ने शानदार प्रदर्शन से दादरी जिले को फिर से गौरवान्वित किया है।
होनहार मुक्केबाज को एसडीएम मनीष फोगाट, प्रदीप फोगाट गामड़ी, कुलदीप साहू, रामअवतार गिल, अशोक अहलावत, विरेंद्र ग्रेवाल, वाॅलीबाल कोच अशोक व डंपी पहलवान ने बधाई दी है।