जिला निवासी 12वें कोरोना संक्रमित की उपचार के दौरान मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को एक संक्रमित की मौत होने और सात नए केस मिलने की पुष्टि की है। वहीं, वीरवार को 19 संक्रमितों को स्वस्थ होने के बाद विभाग ने डिस्चार्ज भी किया है। नए सात संक्रमितों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
सीएमओ सुदर्शन पंवार ने बताया कि वीरवार शाम तक जिले से कोरोना टेस्ट के लिए 71645 सैंपल लिए जा चुके हैं। इनमें से 1210 सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव जबकि 68635 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि 1800 सैंपलों की रिपोर्ट अभी लंबित है। उन्होंने बताया कि जिला निवासी 12वें कोरोना संक्रमित की भी मौत हो गई है। संक्रमित गत छह नवंबर से हिसार के एक अस्पताल में उपचाराधीन था और कोरोना टेस्ट के लिए उसका वहीं सैंपल हुआ था। मृतक संक्रमित की उम्र 79 साल थी और वह चिड़िया गांव का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 952 संक्रमित स्वस्थ हो चुके हैं। सीएमओ ने बताया कि 246 संक्रमित अभी उपचाराधीन हैं जबकि नौ आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।
सुदर्शन पंवार ने बताया कि बुधवार को 914 सैंपल लिए गए। उन्होंने बताया कि जिले में 8820 लोग होम क्वारंटीन हैं। वीरवार को ब्रह्माकुमारी आश्रम वाली गली निवासी 31 साल की महिला, बिरही कलां निवासी 22 साल की युवती, मिर्च निवासी 37 वर्षीय व्यक्ति, बाढड़ा निवासी 60 साल का व्यक्ति, एसबीआई के समीप रहने वाला 45 वर्षीय व्यक्ति, शंकर कॉलोनी निवासी 53 साल का व्यक्ति और शहर निवासी 40 साल की महिला वीरवार को संक्रमित पाई गई है।