चरखी दादरी। पेयजल और सीवर समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त प्रीति ने बुधवार को जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अपने कार्यालय में तलब किया। उन्होंने एक्सईएन रमेशचंद्र गौड़ से इन समस्याओं का मूल कारण पूछा। उपायुक्त ने एक्सईएन को इन समस्याओं के समाधान का प्लान एक सप्ताह में तैयार कर फिर उनके पास आने के निर्देश भी दिए हैं। उपायुक्त के निर्देश के अनुसार विभाग एक सप्ताह के अंदर शहर में जलभराव वाले स्थानों का सर्वे करेगा।
उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को शहर से संबंधित सभी नक्शों के साथ अपने कार्यालय बुलाया। उनके निर्देशों पर एक्सईएन रमेशचंद्र गौड़ अपनी टीम के साथ पहुंचे। उपायुक्त ने विभाग के अधिकारियों से शहर में जलभराव वाले स्थानों की जानकारी ली और यह भी पूछा कि इन स्थानों पर जलभराव का कारण क्या है। कार्यकारी अभियंता ने बताया कि शहर में आठ ऐसे स्थान हैं, जहां जलभराव होता है।
उपायुक्त ने कहा कि पूरे शहर में लाइनों में ब्लॉकेज जलभराव का कारण हो सकता है। ऐसे में विभाग के अधिकारी अगले एक सप्ताह में सर्वे करें और ब्लॉकेज से संबंधित सभी कामों को प्राथमिकता के आधार पर करवाया जाए। इससे पानी की निकासी में आसानी होगी और लोगों को जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि विभाग से संबंधित जो भी कार्य अधीक्षक अभियंता के स्तर पर स्वीकृत हो सकते हैं, उनका प्रस्ताव बनाकर तुरंत भेजें और इन कार्यों पर जल्द से जल्द काम शुरू करवाया जाए।
ड्रेन नंबर आठ प्रोजेक्ट की अड़चनें होंगी दूर
बैठक में समसपुर सीवरेज प्लांट से ड्रेन नंबर आठ तक बिछाई जा रही लाइन के प्रोजेक्ट में आई अड़चनों पर भी मंथन हुआ। उपायुक्त ने कहा कि जल्द ही संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक बुलाकर सभी अड़चनों को मौके पर ही दूर किया जाएगा।