सुनीता श्योराण को सम्मानित करते हुए।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। हिमाचल प्रदेश के मनाली में आयोजित हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स हरियाणा के पांच दिवसीय राज्य स्तरीय महिला एडवेंचर कैंप में प्रदेशभर की छात्राओं ने साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया।
इसमें दादरी जिले के दल ने भी विशेष रूप से भागीदारी की। कैंप के दौरान प्रतिभागियों ने सिंकुला टाॅप पर पहुंचकर भारत का तिरंगा और हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स का ध्वज फहराया। इस उपलब्धि में जिले से पहुंचे स्काउट्स एवं गाइड का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सुनीता श्योराण ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तरीय शिविर में हरियाणा के सभी 23 जिलों से करीब 200 महिला गाइड प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिसमें दादरी जिले से भी दो स्काउट्स व दो गाइड का चार सदस्यीय दल मनाली पहुंचा और राज्य स्तरीय शिविर में भागीदारी की।
जिले से डीएस अमित जाखड़, डीटीसी सुनीता श्योराण, टीजीटी उषा सोनी, अटेला नया स्कूल से जेबीटी अध्यापक संजय कलकल ने शिविर में भागीदारी की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को ट्रैकिंग, आत्मरक्षा, नेतृत्व विकास, टीम भावना और आपदा प्रबंधन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
सिंकुला टाप पर तिरंगा फहराने के बाद छात्राओं ने भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के साथ देशभक्ति का संदेश दिया। कैंप के समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। राज्य सचिव नवीन जय हिंद ने कहा कि चरित्र निर्माण ही राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। बेटियों में साहस, आत्मविश्वास और अनुशासन का विकास ही ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य है।