चरखी दादरी। सिटी थाना के सामने स्कॉर्पियो सवार बदमाशों पर ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में दादरी पुलिस को एक और आरोपी को काबू किया है। वीरवार देर रात पुलिस ने मामले में शामिल आरोपी टिंकू निवासी गांव चिड़िया को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। इससे पहले वीरवार को भी चार आरोपी गिरफ्तार किए थे।
6 टीमें दे रहीं दबिश
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार निर्देशन में 6 टीमें व शहर थाना पुलिस लगातार इस वारदात की जांच कर रही हैं। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
चार आरोपी किए थे गिरफ्तार
जांच के दौरान एसआई सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शहर थाना पुलिस ने वीरवार को चार साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इसमें कुणाल उर्फ सैंडी निवासी झज्जर घाटी दादरी, विशाल आनंद निवासी गांव नौसवा, सुधीर तथा दर्शन उर्फ बामण, दोनों गांव माजरा जिला झज्जरवासी को गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने बुधवार को पकड़े गए मुख्य साजिशकर्ता अमरजीत उर्फ पंकज को अदालत में पेश किया। मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी जिसके कारण चलने में सक्षम नहीं था। इसलिए पुलिस उसे उठाकर कोर्ट में लेकर गई। इससे पहले उसे सिटी थाने से तहसील रोड होते हुए भरे बाजार में घुमाया।
गाेलीकांड में शामिल था टिंकू
जांच के दौरान पुलिस को इस वारदात में कई अन्य लोगों की संलिप्तता के सुराग मिले। इसी कड़ी में अनुसंधान अधिकारी पीएसआई विजय कुमार ने कार्रवाई करते हुए आरोपी टिंकू को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
वर्सन:
पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापे मार रही है।
- साहिल ढिल्लों, डीएसपी