संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बासोडा पर्व पर शहर में डूंगरवाला जोहड़ के समीप बने बुधवारी मसानी माता मंदिर में बुधवार को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान पुलिस की ओर से व्यापक स्तर पर प्रबंध किए। मंदिर व आसपास परिसर की सफाई नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा।
बुधवार सुबह छह बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गए। महिलाएं हरियाणवी पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचीं। इस दौरान मंदिर में आटा, मीठा व घी से बना पूड़ा का प्रसाद चढ़ाया गया। मंदिर में पूजा करने के बाद महिलाओं व बच्चों ने मंदिर के समीप बने जोहड़ से मिट्टी छांटने की रस्म भी पूरी की। ज्यादातर महिलाओं ने बच्चों के हाथों ये रस्म पूरी करवाई।
श्रद्धालु धनपति देवी, कृष्णा, सुंदर देवी, मुन्नी देवी, सुनीता, कविता व कुसुम वर्मा आदि ने बताया कि मंदिर के आसपास सफाई नहीं होने से महिलाओं व बच्चों को मिट्टी की छंटाई की रस्म पूरी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर के आसपास लोग खुले में शौच करते हैं। इस वजह से यहां का वातावरण बेहद दुर्गंधमय बना रहा। इन महिलाओं ने बताया कि अगर प्रशासन व नगर परिषद की ओर से मंदिर के आसपास पांच-छह ट्रॉली मिट्टी डलवा दी जाती तो यह समस्या दूर हो सकती थी।
स्टॉल पर महिलाओं व बच्चों ने की खरीदारी
मेले में महिलाओं व बच्चों ने खरीदारी की। बच्चों ने विविध प्रकार के खिलौने खरीदे। महिलाओं ने भी अपनी पसंद का सामान खरीदा। इस दौरान पुलिस ओर से काफी प्रबंध किए गए। काफी संख्या में महिला व पुरुष जवान तैनात रहे, ताकि महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। मेले के अंदर, चौराहों व सभी गेट पर पुलिस जवान तैनात रहे।
सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने पर पुलिस कर्मचारी सम्मानित
बासोडा पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद बनाए रखने में सराहनीय योगदान पर पुलिस के अधिकारियों व कर्मियों को सम्मानित किया गया। विश्व हिंदू परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रोशनी देवी ने की। जिला उपाध्यक्ष रोहताश शर्मा ने बताया कि इस दौरान महिला पुलिस कर्मी सरोज, स्वीटी, पूजा, सविता, सुरेश, प्रदीप आदि को सम्मानित किया गया। जोली फाउंडेशन ने प्रशस्ति- पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर कर्ण सिंह सोनी, पुरुषोतम दास , सीताराम कौशिक, जगन्ननाथ धनेटिया, अमरचंद बंसल, मितेश, पार्षद विनोद सिंहमार व नवीन बिंदल का सहयोग रहा।
मेले में बिछड़ी दो बच्चियों को अभिभावकों से मिलवाया
रोहताश शर्मा ने बताया कि बुधवारी माता मेले में बुधवार को गांव ढाणी फौगाट निवासी दो बच्चियां अभिभावकों से बिछड़ गई थी। पुलिस कर्मियों व विहिप सदस्यों ने माइक से उद्घोषणा करवाई। इसके बाद बच्चियों के मिलने पर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। इसी प्रकार एक महिला श्रद्धालु की सोने की बाली भीड़ के चलते गिर गई थी इसे भी तलाश करने में पुलिस की विशेष भूमिका रही।