युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या
- फोटो : संवाद
हरियाणा के चरखी दादरी में फतेहगढ़ निवासी एक युवक की उसके ट्रैक्टर से ही कुचलकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या का आरोप गांव के ही दो युवकों पर है। परिजनों के अनुसार आरोपियों ने इसे हादसा दिखाने का प्रयास किया लेकिन समय रहते परिजनों को उसके साथ हुआ घटनाक्रम पता चल गया। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ निवासी धर्मबीर (26) ट्रैक्टर चलाता था। उसके चचेरे भाई कृष्ण ने बताया कि धर्मबीर शनिवार को गांव निवासी अमित और ओमबीर के साथ अपना ट्रैक्टर लेकर क्रशर लेने गया था। इसके बाद वो घायलावस्था में पैंतावास कलां-फतेहगढ़ कच्चा रास्ता के समीप मिला।
उसे घर लाया गया और उसने अपनी पत्नी और भाभी को उसके साथ हुआ घटनाक्रम बताया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीएसपी हेडक्वार्टर विरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि धर्मबीर, अमित और ओमबीर ने पहले एक होटल पर शराब पी और इसके बाद उन तीनों का झगड़ा हो गया। विवाद में अमित और ओमबीर ने मिलकर साजिश के तहत धर्मबीर पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। इसके बाद आरोपी उसे पैंतावास कलां के समीप घायलावस्था में छोड़कर फरार हो गए।
भाभी और पत्नी के सामने खोल गया राज
मृतक के परिजनों के अनुसार धर्मबीर ने घर पहुंचते ही अपनी भाभी और पत्नी को उसके साथ हुआ घटनाक्रम बता दिया। उसने कहा कि उन्होंने होटल पर शराब पी और इसके बाद उनका विवाद हुआ, जिसमें अमित और ओमबीर ने मिलकर उस पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। हालांकि इस तथ्य में कितनी सच्चाई है इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।